वैशाली में महिला होमगार्ड से छेड़छाड़ और मारपीट, बेहोशी की हालत में मिली; इलाके में तनाव

बिहार के वैशाली जिले में गोरौल थाना क्षेत्र में गृहरक्षा वाहिनी (होमगार्ड) की एक महिला सिपाही के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़, मारपीट और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगा है. घटना के बाद महिला सिपाही को इलाज के लिए हाजीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाके में आक्रोश का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

पीड़िता की मां ने गोरौल थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में बताया कि शुक्रवार शाम उनकी दोनों बेटियां बेलवर हाट से खरीदारी कर साइकिल से घर लौट रही थीं. आरोप है कि रास्ते में गांव के रहने वाले सुबोध पासवान और उसके कुछ साथियों ने दोनों का रास्ता रोक लिया. इसके बाद महिला होमगार्ड के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ की गई. जब दोनों बहनों ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी.पीड़िता की छोटी बहन का कहना है कि आरोपी काफी देर से उनका पीछा कर रहे थे. जैसे ही दोनों बहनें सुनसान रास्ते पर पहुंचीं, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया. विरोध करने पर दोनों के साथ मारपीट की गई. इसी दौरान बचाव के लिए पहुंचे एक स्थानीय ग्रामीण के साथ भी आरोपियों ने बदसलूकी की और धमकाकर वहां से भगा दिया.

पीड़िता की मां का आरोप है कि घटना के दौरान महिला होमगार्ड को जबरन आरोपी के घर ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया गया. सूचना मिलने पर उन्होंने तत्काल डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को जानकारी दी. पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के घर से महिला सिपाही को बेहोशी की हालत में बरामद किया. इसके बाद दोनों बहनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है.

शिकायत में पीड़िता की मां ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी सुबोध पासवान पहले उनकी बेटी का फिजिकल ट्रेनर था. ट्रेनिंग के दौरान उसने कथित रूप से महिला की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे. आरोप है कि नौकरी लगने के बाद वह उन्हीं तस्वीरों और वीडियो के आधार पर महिला को लगातार ब्लैकमेल कर रहा था और शादी करने का दबाव बना रहा था. विरोध करने पर आरोपी कथित तौर पर जान से मारने और गोली मार देने की धमकी भी देता था. परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है.

घटना के प्रत्यक्षदर्शी देवनाथ साहनी ने भी आरोप लगाया कि उन्होंने बाजार से लौटते समय दो युवकों को दोनों बहनों के साथ मारपीट करते देखा था. जब उन्होंने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोपियों ने उनके साथ भी दुर्व्यवहार किया और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देकर वहां से जाने को कहा.

फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि सभी आरोपों की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com