फेसबुक पर BJP विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी: पार्षद की शिकायत पर युवक पर FIR, पुलिस एक्शन में

रायपुर, 14 जुलाई 2026

राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी करने का मामला सामने आया है। फेसबुक पर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किए जाने की शिकायत के बाद तेलीबांधा थाना पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के पार्षद महेश कुमार ध्रुव ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि 10 जुलाई को “ललित टांडी ललित” नाम के फेसबुक अकाउंट से विधायक पुरंदर मिश्रा के खिलाफ अपमानजनक और अभद्र टिप्पणी की गई, जिससे उनकी प्रतिष्ठा और सामाजिक छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया गया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित युवक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और धारा 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर किसी भी व्यक्ति के खिलाफ आपत्तिजनक, अपमानजनक या भड़काऊ टिप्पणी करना कानूनन अपराध की श्रेणी में आ सकता है। ऐसे मामलों में शिकायत मिलने पर कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाती है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com