राजिम के विकास को मिलेगी रफ्तार: नगर पंचायत से नगर पालिका बना राजिम, अधिसूचना जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राजिमवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करते हुए राजिम नगर पंचायत को नगर पालिका का दर्जा दे दिया है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। नई व्यवस्था के तहत राजिम नगर पालिका की सीमाएं पूर्ववत नगर पंचायत की सीमाओं के अनुरूप ही रहेंगी।
राज्य सरकार के इस फैसले से राजिम में खुशी का माहौल है। नगर पालिका बनने के बाद शहर के समग्र और सुनियोजित विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने कहा कि नगर पालिका का दर्जा मिलने से राजिम को विकास कार्यों के लिए अधिक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होंगे। इससे सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट, उद्यान, सामुदायिक भवन समेत अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार तेजी से किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस निर्णय से राज्य और केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी अधिक प्रभावी ढंग से शहरवासियों तक पहुंचेगा। सरकार का उद्देश्य राजिम को आधुनिक शहरी सुविधाओं से सुसज्जित करते हुए व्यवस्थित और संतुलित विकास सुनिश्चित करना है।











