तड़पती रही मां, बेबसी से देखते रहे 3 मासूम! पति ने चलती कार में पत्नी को मार डाला, फिर शव लेकर घंटों तक घूमता रहा, खुद किया सरेंडर

खबर महाराष्ट्र के वाशिम जिले से है. यहां समृद्धि एक्सप्रेसवे पर सफर के दौरान एक शख्स ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर डाली. दिल को झकझोर देने वाली बात ये है कि इस पूरी वारदात के दौरान कार में मौजूद तीन मासूम बच्चे अपनी मां की मौत का लाइव मंजर बेबसी से देखते रहे. हत्या के बाद आरोपी पति कई घंटों तक महिला की लाश को गाड़ी में डालकर सड़कों पर घूमता रहा और बाद में खुद ही थाने जाकर आत्मसमर्पण (सरेंडर) कर दिया.

यह दर्दनाक वाकया उस समय हुआ जब पूरा परिवार कार से कहीं जा रहा था. पुलिस के अनुसार, आरोपी की शिनाख्त सलमान खान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश (UP) का निवासी है. वो महाराष्ट्र में अपनी पत्नी हसीन बानो और तीन बच्चों के साथ रह रहा था.

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यह खौफनाक वारदात समृद्धि एक्सप्रेसवे पर कार से सफर करने के दौरान हुई. रास्ते में सलमान और उसकी पत्नी हसीन बानो के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि सलमान ने आपा खो दिया. उसने पहले कार में रखी लोहे की रॉड से हसीन बानो पर ताबड़तोड़ हमला किया और फिर बच्चों के सामने ही गला घोंटकर उसे जान से मार डाला.

कार में शव लेकर घूमता रहा, फिर…

इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम देने के बाद भी आरोपी के सिर पर जरा भी शिकन या पछतावा नहीं था. हत्या करने के बाद सलमान ने कार रोकी नहीं. वो अपनी पत्नी के शव को सीट पर ही छोड़कर वाशिम के कारंजा शहर की सड़कों पर काफी देर तक घूमता रहा. कार में बैठे तीनों बच्चे बुरी तरह सहमे हुए थे. घंटों तक भटकने के बाद आरोपी खुद ही गाड़ी चलाकर कारंजा पुलिस स्टेशन पहुंच गया. उसने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के सामने जाकर जो कबूलनामा किया, उसे सुनकर सबके होश उड़ गए.

वाशिम के पुलिस अधीक्षक का आधिकारिक बयान

मामले की पुष्टि करते हुए वाशिम के पुलिस अधीक्षक (SP) निकेश खाटमोडे ने बताया कि आज सुबह सलमान नाम का एक शख्स कारंजा थाने आया था. उसने पुलिस को बताया- साहब! मैंने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और उसकी लाश बाहर खड़ी कार के अंदर है. एसपी ने आगे बताया कि जब पुलिस कर्मियों ने तुरंत बाहर जाकर कार की सघन तलाशी ली, तो उसमें महिला का खून से लथपथ शव बरामद हुआ. पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतका के शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है और मुख्य आरोपी सलमान को हिरासत में ले लिया गया है.

चरित्र पर शक बना इस खौफनाक हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में इस हत्याकांड के पीछे की मुख्य वजह सामने आ गई है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी सलमान को अपनी पत्नी हसीन बानो के चरित्र पर गहरा शक था. वो उसकी वफादारी को लेकर हमेशा संदेह करता रहता था. इसी वजह से दोनों के बीच घर में लगातार झगड़े होते रहते थे और इसी जानलेवा शक के चलते उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दे डाला. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि हत्या समृद्धि एक्सप्रेसवे पर ठीक किस जगह की गई, इसकी सटीक लोकेशन अभी साफ नहीं हो पाई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. घटना के एकमात्र चश्मदीद रहे तीनों बच्चों की मानसिक स्थिति को देखते हुए उनसे भी काउंसलर की मदद से पूछताछ की जा रही है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com