FIFA World Cup 2026 के फाइनल में स्पेन के पहुंचने से टीम इंडिया की लगी लॉटरी, दूसरी बार हो सकता है ऐसा

स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. 2010 के बाद ये पहली बार होगा जब स्पेन की टीम फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल खेलती दिखेगी. स्पेन के फाइनल में पहुंचने के साथ ही टीम इंडिया की भी लॉटरी लग गई है. अब आप कहेंगे कि भला वो कैसे? इसका जवाब इतिहास में छिपा है. वो इतिहास जो टीम इंडिया के ओवरऑल तीसरी बार वनडे में वर्ल्ड चैंपियन बनने की ओर इशारा करता दिख रहा है. जबकि, स्पेन के फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने के बाद ऐसा दूसरी बार होता दिख सकता है.
FIFA WC के फाइनल में स्पेन और टीम इंडिया का कनेक्शन
2010 में जब स्पेन की टीम ने फीफा वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था तो उसके बाद टीम इंडिया ने अपने 28 साल के इंतजार को खत्म किया था. उसने फीफा वर्ल्ड कप 2010 के अगले ही साल यानी 2011 में हुए वनडे वर्ल्ड कप में खिताबी जीत दर्ज की थी. अब स्पेन की टीम एक बार फिर से फाइनल में है. फीफा वर्ल्ड कप 2026 के पहले सेमीफाइनल में फ्रांस को हराकर उसने फाइनल का टिकट हासिल किया है. बड़ी बात ये है कि इसके अगले ही साल वनडे का वर्ल्ड कप भी है. ऐसे में स्पेन के फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचने के बाद दूसरी बार टीम इंडिया के वनडे वर्ल्ड कप जीतने की उम्मीद भी जाग उठी है.
ऐसा हुआ तो टीम इंडिया के इरादों को मिलेगी और हवा
स्पेन हालांकि 2010 फीफा वर्ल्ड कप का चैंपियन भी बना था. अब 16 साल बाद अगर इस बार फिर स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया तो फिर अगले साल टीम इंडिया के वनडे वर्ल्ड कप जीतने से एक और पक्का समीकरण जुड़ता हुआ दिख सकता है.
FIFA WC 2026 के फाइनल में स्पेन का किससे मुकाबला?
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन का मुकाबला दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से होगा. टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच खेला जाना है. ये अर्जेंटीना अगर इंग्लैंड को हरा देती है तो वो लगातार दूसरे फीफा वर्ल्ड कप फाइनल में जगह बनाती दिखेगी. फीफा वर्ल्ड कप 2026 में स्पेन की अच्छी बात ये है कि उसका डिफेंस तगड़ा है. यही वजह है कि वो टूर्नामेंट से सबसे कम गोल खाने वाली टीम है. उसने अभी तक सिर्फ 1 गोल खाया है.











