प्रेम संबंध में शक बना हत्या की वजह, 48 घंटे में आरोपी प्रेमी गिरफ्तार

रायपुर जिले के आरंग थाना क्षेत्र में महानदी तट पर महिला का शव मिलने के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में महिला के प्रेमी सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह (37) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने चरित्र पर संदेह के चलते महिला की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को ग्राम पारागांव स्थित श्मशान घाट के पास महानदी किनारे रूकमणी सोनवानी का शव बरामद हुआ था। शव पर जांघ, कूल्हे, हाथ और पैरों में गंभीर चोटों के निशान मिले थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पता चला कि मृतका का पिछले छह से सात वर्षों से पंजाब निवासी और वर्तमान में महासमुंद जिले के पिथौरा थाना क्षेत्र के ग्राम मुढीपार में रहने वाले सोनू सरदार उर्फ अवतार सिंह के साथ प्रेम संबंध था।

पुलिस के मुताबिक 12 जुलाई की रात आरोपी ने रूकमणी को एक अन्य युवक के साथ देख लिया। इससे वह नाराज हो गया और चरित्र पर संदेह करते हुए पहले विवाद किया, फिर धारदार कड़े तथा हाथ-मुक्कों से हमला कर उसकी हत्या कर दी।

वारदात के बाद आरोपी महिला के शव को महानदी तट स्थित श्मशान घाट के पास छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर आरोपी का पता लगाकर रायपुर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com