ज्वाइंट अकाउंट बनवाकर पत्नी के खाते से निकाले 28 लाख, पति के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

रायगढ़ जिले में पति द्वारा पत्नी की जानकारी और सहमति के बिना बैंक खाते से 28 लाख रुपये से अधिक की राशि निकालने का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना भूपदेवपुर थाना क्षेत्र की है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम किरीतमाल निवासी 38 वर्षीय प्रभा डनसेना ने शिकायत दर्ज कराई है कि पति मनोज डनसेना से पारिवारिक विवाद के चलते वह वर्ष 2024 से अपने बेटे के साथ विकास नगर में किराये के मकान में रह रही है। दोनों के बीच तलाक और भरण-पोषण का मामला फिलहाल रायगढ़ के कुटुंब न्यायालय में विचाराधीन है।

महिला का आरोप है कि उसके नाम से ग्रामीण बैंक, भूपदेवपुर शाखा में संचालित बचत खाते को पति ने उसकी जानकारी और अनुमति के बिना ज्वाइंट अकाउंट में बदलवा लिया। इसके लिए उसने बैंक में आवेदन देकर खाते में अपना नाम जुड़वाया।

शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई को आरोपी पति ने खाते से 28 लाख 4 हजार 710 रुपये निकाल लिए। जब महिला स्वयं बैंक पहुंची और राशि निकालने का प्रयास किया, तब उसे पता चला कि खाते से पूरी रकम पहले ही निकाली जा चुकी है।

इसके बाद महिला ने परिजनों को घटना की जानकारी देकर भूपदेवपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 316(2) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। मामले में बैंक दस्तावेजों, खाते से हुए लेन-देन और अन्य संबंधित रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com