‘लव मैरिज की तो फाड़ दूंगी…’ बहन की बात पर भाई ने कहा- गर्लफ्रेंड को छूकर देख यहीं गाड़ देंगे; भैंस बेचकर शादी के लिए जुटाया था पैसा

बिहार के समस्तीपुर जिले में प्रेम विवाह को लेकर हाई-वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला. नगर थाना क्षेत्र स्थित थानेश्वर मंदिर में प्रेमी युगल के विवाह के दौरान दूल्हे के परिवार ने जमकर विरोध किया. आरोप है कि दूल्हे की बहन मंदिर पहुंची और शादी का विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मंदिर परिसर से लेकर सड़क तक अफरा-तफरी मच गई. इस दौरान दूल्हे के साथ मारपीट भी की गई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
युवक ने अपनी प्रेमिका से अंतरजातीय विवाह करने का फैसला किया था. बताया जा रहा है कि शादी का खर्च जुटाने के लिए उसने अपनी भैंस तक बेच दी. इसके बाद दोनों ने नगर थाना क्षेत्र के थानेश्वर मंदिर में विवाह कर लिया. जैसे ही शादी की जानकारी युवक के परिवार को मिली, माहौल तनावपूर्ण हो गया.
मंदिर पहुंची बहन, शुरू हुआ हंगामा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दूल्हे की बहन मंदिर परिसर पहुंची और विवाह का विरोध करने लगी. कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया और मंदिर परिसर में जमकर हंगामा होने लगा. मामला यहीं नहीं रुका, बल्कि सड़क तक पहुंच गया. इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने दूल्हे के साथ कथित तौर पर मारपीट भी की. आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों की भीड़ जुट गई, जिससे वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया. अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में मंदिर परिसर के बाहर हंगामा और लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है. वीडियो में बहन कहती दिख रही है कि अगर ये शादी करोगे तो फाड़ दूंगी. वहीं, लड़का कहता है कि प्रेमिका को छूकर देखो, यहीं गाड़ दूंगा.हंगामे की सूचना मिलने पर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया. फिलहाल इस मामले में किसी पक्ष की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज होने की जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है.
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
प्रेम विवाह और पारिवारिक विरोध का यह मामला समस्तीपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को लेकर लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. स्थानीय लोगों के बीच यह भी चर्चा है कि प्रेमी युगल ने मंदिर में विवाह से पहले कोर्ट मैरिज भी की थी. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. वहीं, दोनों की उम्र से जुड़े दस्तावेज भी सार्वजनिक नहीं किए गए हैं.











