छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर, बिलासपुर में बाढ़ जैसे हालात; 48 घंटे भारी वर्षा का अलर्ट जारी

छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल, झारखंड और ओडिशा के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के दौरान मध्य और उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। साथ ही लोगों को सतर्क रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।

बारिश का सबसे अधिक असर बिलासपुर जिले में देखने को मिला, जहां पिछले 24 घंटों में करीब 280 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण शहर में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। नेशनल हाईवे-49 के कई हिस्सों में 4 से 5 फीट तक पानी भर जाने से यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। सरकंडा के लिंगियाडीह क्षेत्र में तेज बहाव में बहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जिसका शव बाद में झाड़ियों से बरामद किया गया।

कोटमीसोनार में लीलागर नदी के पुल के ऊपर से पानी बहने के कारण प्रशासन ने मार्ग को एहतियातन बंद कर दिया है। अधिकारियों ने लोगों से वैकल्पिक मार्ग अपनाने और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।

बिलासपुर शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग, हंसा विहार, मित्र विहार, सरकंडा, बंधवापारा, जोरापारा और शिवम होम्स सहित कई इलाकों में सड़कें और मकान जलमग्न हो गए हैं। हालात को देखते हुए जिले के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं रेलवे ट्रैक पर पानी भरने के कारण पांच मेमू ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है और तीन ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।

राजधानी रायपुर में भी दिनभर बादल छाए रहने, रुक-रुककर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इस दौरान निचले इलाकों में जलभराव, छोटे नदी-नालों में उफान और यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बिजली गिरने की संभावना को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की भी अपील की गई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com