शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की दुर्दशा, 9 महीने में हारी इतनी वनडे सीरीज

शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया का हाल बुरा है. अक्टूबर 2025 में उनके वनडे टीम की कमान संभालने के बाद से टीम ने जितनी सीरीज जीती नहीं, उससे तीन गुना ज्यादा गंवाए हैं. बड़ी टीमों के खिलाफ टीम इंडिया का धागा खुलता दिखा है. ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड ने जैसे धोया है, उससे टीम इंडिया के वनडे की नंबर 1 टीम होने पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. न्यूजीलैंड ने तो खैर इतिहास ही रचा है. भारतीय जमीन पर जो 37 साल से नहीं हुआ था, गिल की कप्तानी में वनडे में वो भी देखने को मिल गया है.
शुभमन गिल के 9 महीनों के कप्तानी के कार्यकाल में टीम इंडिया ने 4 वनडे सीरीज खेली है, जिसमें उसे जीत सिर्फ एक वनडे सीरीज में ही मिली है. बाकी 3 वनडे सीरीज में टीम इंडिया को हार का मुंह देखना पड़ा है. गिल की कप्तानी में भारत को जिस वनडे सीरीज में जीत मिली है, वो उसने अफगानिस्तान के खिलाफ अपनी जमीन पर खेली है. भारत ने 3 मैचों की वो वनडे सीरीज 3-0 से जीती थी.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे कप्तानी का डेब्यू, 2-1 से हार
भारत के वनडे कप्तान के तौर पर शुभमन गिल का डेब्यू पिछले साल ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली सीरीज से हुआ था. ऑस्ट्रेलिया ने अक्टूबर 2025 में खेली उस वनडे सीरीज को 2-1 से जीता था.
न्यूजीलैंड ने तो 37 साल का रिकॉर्ड ही तोड़ दिया
ऑस्ट्रेलिया के हाथों पिटने के बाद टीम इंडिया ने अपनी ही जमीन पर न्यूजीलैंड के खिलाफ 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली. भारतीय टीम ने अपनी जमीन पर 1988 के से बाद से न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज नहीं गंवाई थी. लेकिन, शुभमन गिल की कप्तानी में वो रिकॉर्ड भी टूट गया. न्यूजीलैंड ने 37 साल के सिलसिले को खत्म करते हुए भारत को 3 वनडे की सीरीज में 2-1 से हराया और इतिहास रचा.
विदेश में पहली वनडे सीरीज हारे कप्तान गिल
शुभमन गिल ने बतौर कप्तान विदेशी जमीन पर अपनी पहली वनडे सीरीज इंग्लैंड में खेली. शुभमन गिल के पास विदेशी में अपनी पहली वनडे सीरीज जीतने का मौका था. मगर वो भी हाथ ना आया. इंग्लैंड के खिलाफ 3 वनडे की सीरीज में शुभमन गिल एंड कंपनी को 2-1 से हार का सामना करना पड़ा.
9 महीने में खेली 4 सीरीज में बस एक जीते
शुभमन गिल ने 9 महीनों के वनडे कप्तानी के कार्यकाल में 4 सीरीज खेली, जिसमें से 3 सीरीज उन्होंने भारत में और एक विदेश में खेली. विदेशी जमीन पर खेली वनडे सीरीज में तो उन्हें हार मिली ही उसके अलावा भारत में खेली 3 वनडे सीरीज में से 2 में भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा.











