भिलाई में तेज रफ्तार हाईवा की टक्कर से बीएसपी कर्मचारी की मौत, दो युवक घायल

भिलाई में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां सेक्टर-5 स्थित जेपी चौक के पास हुए सड़क हादसे में भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) के एक कर्मचारी की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान खुर्सीपार निवासी श्याम राव के रूप में हुई है, जो भिलाई इस्पात संयंत्र में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सोमवार को वह अपने दो साथियों के साथ मरोदा स्थित ससुराल गए थे। वहां से लौटने के बाद उन्हें नाइट शिफ्ट में ड्यूटी के लिए जाना था।

देर रात तीनों युवक एक ही बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-5 के जेपी चौक के पास तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि श्याम राव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल उपचार के लिए दुर्ग जिला अस्पताल भेजा गया। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने हाईवा को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और फरार चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, अस्पताल में भर्ती दोनों घायलों का इलाज जारी है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close