दुर्ग में महिला की हत्या का खुलासा, रेप की कोशिश का विरोध करने पर दो युवकों ने उतारा मौत के घाट

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने महिला को पैसों का लालच देकर सुनसान इलाके में बुलाया था। वहां कथित रूप से दुष्कर्म की कोशिश की गई, लेकिन महिला के विरोध और पुलिस में शिकायत की चेतावनी देने पर दोनों ने उसकी हत्या कर दी।

यह मामला पुलगांव थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, मजदूरी करने वाली महिला 16 जुलाई को रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। उसी रात पुलगांव नाला फ्लाईओवर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव मिला, जिसकी बाद में पहचान भगवंतीन साहू के रूप में हुई। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में सिर, चेहरे और हाथ पर गंभीर चोटों के निशान मिलने के बाद हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने मामले को सुलझाने के लिए विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास के 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। साथ ही स्थानीय लोगों, मजदूरों और ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ की गई। तकनीकी साक्ष्यों और मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने राइस मिल कर्मचारी हर्ष यादव (19) और मैकेनिक नितेश ठाकुर (20) को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने हत्या करना स्वीकार कर लिया।

आरोपियों ने बताया कि घटना वाले दिन वे शराब पीकर घूम रहे थे। तहसील कार्यालय के पास उनकी मुलाकात महिला से हुई, जिसे पैसों का लालच देकर ई-रिक्शा से पुलगांव नाला के पुराने पुल के पास स्थित सुनसान इलाके में ले जाया गया। वहां जब महिला ने जबरदस्ती का विरोध किया और पुलिस में शिकायत करने की बात कही, तो दोनों ने उसकी हत्या की योजना बना ली।

जांच में सामने आया कि पहले एक आरोपी ने गमछे से महिला का गला घोंटा। इसके बाद दूसरे आरोपी ने बड़े पत्थर से उसके सिर और चेहरे पर कई वार किए। बाद में पहले आरोपी ने भी पत्थर से हमला किया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद दोनों आरोपी पैदल पुलगांव चौक पहुंचे और वहां से लिफ्ट लेकर चंदखुरी चले गए। पुलिस से बचने के लिए उन्होंने अपने कपड़े बदल दिए और सबूत मिटाने की कोशिश की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com