रायगढ़ में प्रधान पाठक के सूने मकान में चोरी, 1.17 लाख के सोने-चांदी के जेवर ले उड़े बदमाश

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अज्ञात चोरों ने एक सरकारी स्कूल के प्रधान पाठक के सूने मकान को निशाना बनाते हुए करीब 1.17 लाख रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। वारदात उस समय हुई, जब परिवार रिश्तेदारी में गया हुआ था। घर लौटने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला और अलमारी से जेवर गायब थे। मामला छाल थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बोजिया निवासी बाबूलाल धीरहे (41) पुसल्दा शासकीय प्राथमिक शाला में प्रधान पाठक हैं। शनिवार दोपहर वह अपने परिवार के साथ सक्ती जिले के टेमर गांव स्थित रिश्तेदार के घर गए थे। सोमवार को वापस लौटने पर उन्होंने घर का मुख्य ताला टूटा हुआ देखा।

घर के भीतर प्रवेश करने पर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी खुली मिली। जांच करने पर सोने का हार, कान की बालियां, लॉकेट समेत करीब 1 लाख 17 हजार रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवर गायब पाए गए। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों से जानकारी लेने का प्रयास किया, लेकिन चोरों के संबंध में कोई सुराग नहीं मिला।

घटना की सूचना मिलने पर बाबूलाल धीरहे ने छाल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटनास्थल के आसपास संभावित सुराग जुटाने के साथ अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com