रायपुर रेल मंडल में सघन टिकट जांच अभियान, 121 नियम उल्लंघनकर्ताओं से 78 हजार रुपये से अधिक जुर्माना वसूला

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल में मंगलवार को रेलवे मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में विशेष टिकट जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर बिना टिकट, अनियमित टिकट तथा बिना बुकिंग सामान के साथ यात्रा करने वाले 121 यात्रियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 78,875 रुपये का जुर्माना वसूला गया।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह अभियान रेलवे मजिस्ट्रेट मयंक सोनी के नेतृत्व में संचालित किया गया। अभियान में सहायक वाणिज्य प्रबंधक (कोचिंग) अविनाश कुमार आनंद, टिकट जांच दल, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
जांच के दौरान दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287), विशाखापट्टनम-कोरबा लिंक एक्सप्रेस (18518), छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237) और जनशताब्दी एक्सप्रेस (12069) सहित कई ट्रेनों में टिकटों की सघन जांच की गई।
कार्रवाई के दौरान बिना टिकट यात्रा करने के 68 मामलों में 54,365 रुपये, अनियमित टिकट के 33 मामलों में 22,310 रुपये तथा बिना बुकिंग सामान ले जाने के 20 मामलों में 2,200 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इस प्रकार तीनों श्रेणियों में कुल 121 मामलों में 78,875 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले वैध टिकट अवश्य खरीदें, स्टेशन परिसर में प्रवेश के लिए प्लेटफॉर्म टिकट लें तथा सामान के परिवहन से संबंधित रेलवे के निर्धारित नियमों का पालन करें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेंगे, इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











