मेदांता में सोनम वांगचुक से मिले जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह, सरकार ने संसद में चर्चा और शिक्षा सुधारों का दिया भरोसा

दिल्ली हाई कोर्ट के आदेश के बाद मेदांता अस्पताल में भर्ती जलवायु कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने मुलाकात की। दोनों नेताओं ने करीब एक घंटे तक वांगचुक से बातचीत की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेने के साथ उनकी मांगों पर सरकार का पक्ष रखा।

सूत्रों के अनुसार, बैठक के दौरान सरकार की ओर से वांगचुक को बताया गया कि उनके उठाए गए मुद्दों पर संसद में चर्चा कराने की तैयारी है। साथ ही शिक्षा सुधारों को लेकर आवश्यक और उचित कदम उठाए जाने का आश्वासन भी दिया गया। सरकार ने वांगचुक से छात्रों से अपील करने का आग्रह किया कि वे सरकार पर भरोसा रखें और आगे आंदोलनात्मक कदम न उठाएं।

बताया गया कि मेदांता अस्पताल पहुंचने से पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की थी। मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे कड़ी सुरक्षा के बीच सोनम वांगचुक को एंबुलेंस से सफदरजंग अस्पताल से गुरुग्राम स्थित मेदांता अस्पताल लाया गया, जहां उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है।

इससे पहले दिल्ली हाई कोर्ट ने वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंगमो की याचिका पर सुनवाई करते हुए उन्हें सफदरजंग अस्पताल से मेदांता अस्पताल स्थानांतरित करने का आदेश दिया था। अदालत ने निर्देश दिया कि उनके उपचार की निगरानी सफदरजंग और एम्स के डॉक्टरों की संयुक्त टीम करेगी।

सोनम वांगचुक को 18 जुलाई को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका अनशन लगातार जारी है और यह 25वें दिन में प्रवेश कर चुका है। चिकित्सकों के अनुसार, उनका स्वास्थ्य लगातार निगरानी में है। हालांकि, उन्होंने डॉक्टरों की सलाह के बावजूद फ्लूइड और ग्लूकोज लेने से इनकार कर दिया था। स्वास्थ्य संबंधी मापदंड फिलहाल स्थिर बताए गए हैं, लेकिन उनका ब्लड शुगर सामान्य से कम दर्ज किया गया है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com