प्रेम विवाह से नाराज आरोपियों ने गर्भवती महिला का किया अपहरण, दुष्कर्म और जबरन गर्भपात की कोशिश; दो गिरफ्तार

कोरिया जिले में प्रेम विवाह करने वाली एक गर्भवती महिला के अपहरण, दुष्कर्म और जबरन गर्भपात कराने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस ने 14 दिनों से फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी सूरजपुर जिले के चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में छिपे हुए थे, जहां से पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार पीड़िता ने अपनी मर्जी से अंतरजातीय प्रेम विवाह किया था और पति के साथ ससुराल में रह रही थी। इसी दौरान आरोपी अपने साथियों के साथ उसके ससुराल पहुंचे और परिवार के विरोध के बावजूद महिला का जबरन अपहरण कर अपने साथ ले गए।

आरोप है कि अपहरण के बाद महिला को बंधक बनाकर रखा गया, उसके साथ दुष्कर्म किया गया और गर्भवती होने के बावजूद उसे जबरन गर्भपात की दवा खिलाने की कोशिश की गई। पीड़िता किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलने में सफल रही और बैकुंठपुर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। मामला दर्ज होने के बाद दोनों आरोपी फरार हो गए थे।

पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि पीड़िता के अलावा उसके ससुराल पक्ष के अन्य लोगों के साथ भी किसी प्रकार की प्रताड़ना या अपराध तो नहीं किया गया।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी रमेश सिंह टेकाम पहले गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के किसान मोर्चा का जिला कार्यवाहक अध्यक्ष रह चुका है। हालांकि, पार्टी ने उसकी गतिविधियों के चलते जनवरी 2026 में ही उसे निष्कासित कर दिया था। फिलहाल मामले की विस्तृत जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com