ओडिशा से यूपी और महाराष्ट्र जा रही 16 लाख की गांजा खेप पकड़ी, रायगढ़ में महिला समेत 2 तस्कर गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए महिला समेत दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। एक मामले में लैलूंगा पुलिस ने कार से 13.24 लाख रुपये का गांजा जब्त किया, जबकि दूसरे मामले में जीआरपी ने एक महिला तस्कर को 3 लाख रुपए कीमत के गांजे के साथ पकड़ा। दोनों मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार से 13.24 लाख का गांजा बरामद
पहला मामला लैलूंगा थाना क्षेत्र का है। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की आई-10 कार में ओडिशा से अवैध गांजा लेकर लैलूंगा-पत्थलगांव मार्ग होते हुए उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ने टीम गठित कर कटकलिया-फोकटपारा तिराहे पर नाकेबंदी कराई।
नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक ने वाहन मोड़कर भागने की कोशिश की, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम अर्जुन उपाध्याय (24) निवासी कैथापुर, थाना राजा तालाब, जिला वाराणसी (उत्तर प्रदेश) बताया। कार की तलाशी लेने पर उसमें 13 पैकेट में 26.484 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत 13.24 लाख रुपए आंकी गई।
आरोपी को भेजा गया जेल
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ओडिशा से गांजा लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने गांजा और कार जब्त कर आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज किया। न्यायालय में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
ट्रेन में महिला तस्कर गिरफ्तार
दूसरा मामला जीआरपी थाना क्षेत्र का है। जीआरपी को सूचना मिली थी कि एक महिला हावड़ा-अहमदाबाद एक्सप्रेस के बी-1 और बी-2 कोच के बीच कपलिंग के पास गांजा लेकर खड़ी है।
सूचना के आधार पर जीआरपी की टीम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर पहुंची। ट्रेन आने पर टीम ने बोगी में जांच की और मुखबिर के बताए हुलिए के आधार पर महिला को पकड़ लिया।
पूछताछ में महिला ने अपना नाम शेख सकीलाबी सलाम (48) निवासी ग्राम भगवती, थाना सेनागांव, जिला हिंगोली (महाराष्ट्र) बताया। उसके बैग की तलाशी लेने पर 6.290 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपए है।
महाराष्ट्र ले जा रही थी गांजा
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला गांजा महाराष्ट्र ले जा रही थी। जीआरपी ने आरोपी महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गांजा जब्त कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।











