नीट पेपर लीक पर सरकार सख्त लेकिन रिजल्ट पर भी सवाल, 3 छात्रों की अपील पर बॉम्बे हाई कोर्ट ने मांगी ओरिजनल आंसर शीट

बॉम्बे हाई कोर्ट ने NEET-UG परीक्षा के नतीजों में मार्क्स गड़बड़ी की शिकायतों पर NTA को नोटिस दिया है. छात्रों ने अपनी OMR शीट और आंसर-की से काफी कम अंक मिलने का आरोप लगाया. कोर्ट ने NTA को 30 जुलाई तक मूल आंसर-की और याचिकाकर्ताओं की आंसर शीट पेश करने का निर्देश दिया है.

बॉम्बे हाई कोर्ट ने NEET-UG परीक्षा के नतीजों में मार्क्स में गड़बड़ी की शिकायत करने वाली तीन छात्रों की याचिकाओं पर केंद्र सरकार और NTA को नोटिस जारी किया है. ये याचिका तीन NEET-UG उम्मीदवार ऋचा देशपांडे, सोहम गवते और अथर्व जगताप ने की ओर से दायर की गई थी. छात्रों का आरोप था कि 16 जुलाई को घोषित रिजल्ट में उन्हें अपनी OMR शीट और आंसर की के आधार पर कैलकुलेट किए गए मार्क्स से काफी कम नंबर दिए गए. ऋचा देशपांडे ने दावा किया है कि OMR शीट देखकर उन्होंने 619 मार्क्स का अनुमान लगाया था, लेकिन NTA ने बाद में जो OMR शीट ईमेल की, उसमें सिर्फ 280 मार्क्स दिखाए गए.

ये मार्क्स OMR शीट देखने के बाद उनके कैलकुलेट किए गए अनुमानित स्कोर से बहुत कम थे. इस मामले में कोर्ट ने NTA को 30 जुलाई तक ओरिजिनल आंसर की पेश करने का निर्देश दिया. साथ ही केस को अर्जेंट श्रेणी में रखा गया है. अगली सुनवाई पर NTA को याचिकाकर्ताओं की आंसर शीट भी पेश करनी होगी.

याचिकाकर्ता ने कोर्ट में क्या बताया?

ऋचा देशपांडे ने कोर्ट को बताया कि ये मेरा पूरा रिकॉर्ड साफ है. मैं शुरुआत से ही ईमानदारी से NEET की तैयारी कर रही थी. परीक्षा में हुई गड़बड़ियों की वजह से मुझे बहुत ज्यादा मानसिक, भावनात्मक और शारीरिक तनाव झेलना पड़ा, फिर भी मैं डॉक्टर बनकर मेडिकल क्षेत्र में सेवा करने की अपनी इच्छा पर डटी हुई हूं.

उन्होंने कहा कि मेरा केस बहुत मजबूत है क्योंकि मेरे पास सबूत हैं. OMR शीट में साफ गड़बड़ी दिख रही है. अगर कोर्ट NTA को मूल OMR शीट और दस्तावेज पेश करने को कहे, तो NTA को कोई नुकसान नहीं होगा, लेकिन अगर मेरी बात नहीं सुनी गई और सिर्फ गलत रिजल्ट के आधार पर काउंसलिंग हो गई, तो मेरा पूरा साल बर्बाद हो जाएगा. मेरा भविष्य और डॉक्टर बनने का सपना खतरे में पड़ जाएगा. इसलिए न्याय, पारदर्शिता और सही प्रक्रिया का पालन करना बहुत जरूरी है.

ऋचा के अनुसार, परीक्षा देते समय उन्होंने क्वेश्चन शीट में अपने जवाबों को मार्क किया था और उन्हें वह पुस्तिका अपने पास रखने की अनुमति थी. NTA ने अपनी वेबसाइट पर OMR उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन की हुई इमेज और मशीन से रिकॉर्ड किए गए जवाब दिखाए थे. उन्होंने NTA के आधिकारिक पोर्टल पर अपनी OMR देखी और उस दौरान दिखाई गई OMR में उनके द्वारा मार्क किए गए जवाब सही-सही दिख रहे थे.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com