गंदगी से मिलावट तक… सोया चाप खाने वाले हो जाएं अलर्ट, इसे घर पर ऐसे करें तैयार

सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें सोया चाप को बेहद गंदगी के साथ तैयार किया जा रहा है. मलाई, अचारी और कई तरीकों से तैयार करके खाई जाने वाली चाप को फैक्ट्री में तैयार करने का ये वीडियो बेहद चौंकाने वाला है. वीडियो में सोया चाप का कच्चा मटेरियल जमीन पर पड़ा है और इसे तैयार करने वाला शख्स इस पर लेटा हुआ है. चाप के मटेरियल को लिपटाए हुए और स्लाइड करने का ये तरीका बेहद चौंकाने वाला है.
ये सवाल उठाता है कि आखिर फैक्ट्रियों में चीजों को तैयार करते समय हाइजीन पर जरा भी फोकस नहीं किया जाता. लोग सड़कों, गलियों और मार्केट में सोया चाप का अलग-अलग तरीकों से स्वाद चखते हैं. ऐसे में इस तरह के वीडियो का सामने आना गंदगी, मिलावट और कई दिक्कतें सामने खड़ा करता है.
सोया चाप का टेस्ट है बेस्ट
दरअसल, सोया चाप को मलाई, अचारी, तंदूरी और दूसरी कई तरीकों से तैयार करके खाया जाता है. आज के समय में ये लोगों का फेवरेट स्ट्रीट फूड है. खासतौर पर शाकाहारी लोग दुकानों पर बड़े शौक से सोया चाप का स्वाद चखते हैं. दिल्ली समेत देश के ज्यादातर हिस्सों में छोटी से लेकर बड़े-बड़े रेस्टोरेंट्स में सोया चाय खाई जाती है. इसे खाने के तरीकों में सबसे पॉपुलर ड्राई चाप और रूमाली रोटी है. वैसे लोग सोया चाप को ग्रेवी में भी खाना पसंद करते हैं.
वीडियो ने उठाए सवाल
सोया चाप को इतनी गंदगी से तैयार करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है. इससे पहले भी कई वीडियो सामने आए हैं जिनमें मिलावट के मामले भी देखे गए. दावा किया जाता है कि इसे सोया से बनाया जाता है. लेकिन ज्यादा मुनाफे के लिए इसमें ज्यादातर मैदा मिलाया जाता है. देखा जाए तो सोया चाप को तैयार करते हुए गंदगी और मिलावट और कई गलतियां दोहराई जाती हैं.
घर पर कैसे तैयार करें सोया चाप
होम मेड कच्ची सोया चाप के लिए आपको सोया (प्रोटीन), मैदा और गेहूं के ग्लूटेन की जरूरी पड़ेगी. आप अपनी पसंद के मुताबिक चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं. जानें…
कच्ची सोया चाप के लिए सामग्री
2 कम सोया चंक्स
1 कप वाइटल व्हीट ग्लूटेन या एक कप मैदा (अगर ग्लूटेन मौजूद न हो तो)
2 से 3 बड़े चम्मच बेसन (ओपशनल)
एक छोटा चम्मच नमक
आधा चम्मच आदरक पाउडर या पेस्ट
एक चम्मच ऑयल
पानी जरूरत के मुताबिक
ऐसे तैयार करें कच्ची सोया चाप
- सबसे पहले सोया चंक्स को गर्म पानी में 10 से 15 मिनट भिगो दें. जब ये नरम हो जाए तो पानी निचोड़ लें और ग्राइंडर में पीसकर इसका पेस्ट बना लें.
- एक बड़े बर्तन में सोया चंक्स के पेस्ट को डालें और इसमें ग्लूटेन या मैदा, नमक और तेल डालें.
- अब इसमें थोड़ा पानी मिलाकर अच्छे से गूंथ लें
- ध्यान रहे कि आपका बैटर चिकना और हल्का इलास्टिक होना चाहिए.
- चाप को आकार दें
- आटे की लोइयां बनाएं और फिर लंबी पट्टी की शेप दें. अब इसे आइस्क्रीम स्टिक पर स्प्राइल तरीके से लपेट दें.
- इसके बाद चाप को पानी में उबालें. इस दौरान थोड़ा नमक डालना न भूलें. इसे 20 से 25 मिनट पकाने के बाद ठंडे पानी में छोड़ दें. आपकी कच्ची सोया चाप तैयार है.











