दंतेवाड़ा में तेज रफ्तार यात्री बस पलटी: 5 यात्री घायल, चालक मौके से फरार

दंतेवाड़ा जिले में रायपुर से किरंदुल जा रही एक यात्री बस भांसी के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस में सवार पांच यात्री और कंडक्टर घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मामला भांसी थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, महिंद्रा ट्रेवल्स की बस रायपुर से जगदलपुर, दंतेवाड़ा होते हुए किरंदुल जा रही थी। दंतेवाड़ा तक पहुंचने के बाद बस में लगभग 12 से 15 यात्री ही बचे थे। किरंदुल के लिए रवाना होने के कुछ देर बाद भांसी के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई।
हादसे की सूचना मिलते ही भांसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। कुछ घायलों का इलाज बचेली अस्पताल में किया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार सभी घायल खतरे से बाहर हैं। घायलों में ललिता साहू, शुभम, बलराम, दीपक और संतोष शामिल हैं।
प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस की तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि ओवरस्पीड के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











