बिलासपुर सेंट्रल जेल में कैदी ने जलती भट्ठी में कूदकर दी जान, एक महीने में पांचवीं बंदी की मौत

बिलासपुर सेंट्रल जेल में बुधवार को आजीवन कारावास की सजा काट रहे एक कैदी ने गैसीफायर प्लांट की जलती भट्ठी में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है, जो जांजगीर-चांपा जिले के बम्हनीडीह का रहने वाला था। वह डबल मर्डर के मामले में पिछले करीब 10 वर्षों से जेल में बंद था। घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया और जांच शुरू कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि पिछले एक महीने में सेंट्रल जेल में यह पांचवें बंदी की मौत का मामला है।

गैसीफायर प्लांट की भट्ठी में लगाई छलांग

जानकारी के अनुसार जेल परिसर स्थित गैसीफायर प्लांट में लकड़ियों से गैस तैयार की जाती है, जिसका उपयोग जेल की रसोई में भोजन बनाने के लिए किया जाता है। घटना के समय प्लांट संचालित हो रहा था। इसी दौरान राहुल उर्फ विकेश कंवर अचानक वहां पहुंचा और जलती हुई भट्ठी में छलांग लगा दी। जेलकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही कलेक्टर संजय अग्रवाल, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।

एक महीने में पांच बंदियों की मौत से उठे सवाल

बिलासपुर सेंट्रल जेल में हाल के दिनों में लगातार बंदियों की मौत के मामलों ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। इससे पहले पॉक्सो के आरोपी नीलू जगत की जेल के भीतर हत्या हुई थी, जबकि आजीवन कारावास की सजा काट रहे रामभरोसे माझी, गतौरा निवासी राजू गोंड और धर्मेंद्र सिंह की भी अलग-अलग परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच जेल की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।

प्रशासन ने शुरू की जांच

घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने जेल पहुंचकर पूरे मामले की जानकारी ली। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने बताया कि मृतक डबल मर्डर के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा था और करीब 10 वर्षों से जेल में बंद था। उन्होंने कहा कि घटना की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। वहीं एफएसएल और पुलिस की टीम भी साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच में लगी हुई है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com