नीले से भगवा हुआ टीम इंडिया की ड्रेस का रंग, मचा बवाल

भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी को लेकर बवाल मचा है. ये बवाल इसलिए है क्योंकि टीम की जर्सी ने अब नीले की जगह भगवा रंग अपना लिया है. हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भारतीय टीम भगवे रंग की जर्सी पहनकर ही मैदान पर उतरने वाली है. हॉकी इंडिया के इस कदम पर पूर्व भारतीय कप्तान और ओलंपियन वीरेन रस्किन्हा ने सवाल उठाए हैं. उन्होंने नीले रंग को छोड़ने पर सवाल उठाए हैं, जो सालों से भारतीय हॉकी से जुड़ा रहा और उसकी पहचान रहा है.
पूर्व ओलंपियन ने भगवे रंग पर उठाए सवाल
वीरेन रस्किन्हा ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि हॉकी इंडिया ने बेशक बहुत अच्छे काम किेए हैं. लेकिन ये कदम शर्मनाक है. नीला रंग हमेशा से भारतीय टीम की पहचान और विरासत रहा है. मैंने कई सालों तक गर्व के साथ नीली जर्सी पहनी है. फैंस हमारी भारतीय टीम को नीले रंग में देखना चाहते हैं. ऐसे में भगवे रंग का क्या लॉजिक है?
आपत्ति पूरी तरह से टीम के पहचान से जुड़ी- रस्किन्हा
भारतीय हॉकी टीम की नई जर्सी पर सवाल उठाने वाले पोस्ट पर जब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आने लगी तो रस्किन्हा ने ये भी साफ किया कि उनकी आपत्ति पूरी तरह से टीम के पहचान से जुड़ी है.
रस्किन्हा ने एक और एक्स हैंडल पोस्ट के जरिए बताया कि वो अपने पोस्ट पर कई अनावश्यक राजनीतिक कमेंट्स देख रहे हैं. मैं ये बता दूं कि मेरा सवाल सिर्फ टीम के गर्व, पहचान और विरासत का है.











