सावन के पहले दिन ‘हर-हर महादेव’ से गूंजी काशी, CM योगी ने किया बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक

पवित्र सावन महीने के पहले दिन गुरुवार को उत्तर प्रदेश के प्रमुख शिव मंदिरों में आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, अयोध्या और कानपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं. भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि और मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की.
काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के बाद से ही दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ जुटने लगी. सुबह तक करीब 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर चुके थे. मंदिर को फूलों से भव्य रूप से सजाया गया.
CM योगी ने काल भैरव और बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन
सावन के पहले दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह करीब साढ़े 8 बजे वाराणसी पहुंचे. उन्होंने सबसे पहले काशी के प्रसिद्ध काल भैरव मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना और आरती की. इसके बाद मुख्यमंत्री ने बाबा विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक किया और भस्म अर्पित की. उन्होंने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया.
मुख्यमंत्री योगी ने काशी की गलियों में घूमकर स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत की. उन्होंने दुकानदारों से पूछा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर इंतजाम में कोई कमी तो नहीं है. इस दौरान उन्होंने एक दुकान में बैठे बच्चे को दुलारते हुए चॉकलेट भी दी.











