Youtube पर देखा- पुलिस से कैसे बचें, फिर खाटूश्याम जी में मांगी माफी… जयपुर मर्डर केस में सनसनीखेज खुलासा

जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के वेस्ट जिले में बीते दिनों हुई दो सनसनीखेज हत्याओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. DCP पश्चिम प्रशांत किरण ने प्रेस वार्ता में बताया कि एक मामले में शराब पार्टी के खर्च को लेकर हुए विवाद में दोस्त की हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे मामले में भेड़-बकरियों की रखवाली के झगड़े में सिर कुचलकर वारदात को अंजाम दिया गया.
पहला मामला बिंदायका थाना क्षेत्र का है. 25 जुलाई को सिवार मोड़ स्थित ‘श्री होटल’ के कमरे में दिनेश उर्फ दंती गवारिया का शव मिला. वो अपने दोस्तों संजय कुमार कासोटिया और नितेश गवारिया के साथ रुका था. शराब के खर्च पर हुए विवाद में दोनों ने स्टॉल (दुपट्टे) से दिनेश का गला घोंट दिया. वारदात के बाद मोबाइल फ्लाइट मोड पर डालकर और मृतक की सिम तोड़कर दोनों दौसा भाग गए. फरारी के दौरान उन्होंने YouTube पर “हत्या के बाद पुलिस से कैसे बचें”, “पुलिस कैसे पकड़ती है” और “हत्या पर कितनी सजा होती है” जैसे वीडियो सर्च किए.
खाटूश्यामजी में मांगी माफी, गुजरात भागने से पहले अरेस्ट
आरोपी खाटूश्यामजी मंदिर पहुंचकर पाप की माफी मांगने गए और वहां से गुजरात भागने की फिराक में थे. पुलिस ने 300 से ज्यादा सीसीटीवी (CCTV) खंगालकर गोविंद देवजी मंदिर के पास से दोनों नशेड़ी आरोपियों को दबोच लिया.
केस 2: भेड़ों की रखवाली के विवाद में पत्थर और लाठी से हत्या
दूसरा मामला भांकरोटा थाना क्षेत्र का है. 26 जुलाई को जयसिंहपुरा स्थित बीड़ की ढाणी में कालूराम बागरिया का शव बरामद हुआ था. वो अपने परिचित हरदेव बागरिया के साथ मिलकर भेड़-बकरियां चराता और रात में रखवाली करता था. घटना की रात बारी-बारी से पहरा देने को लेकर दोनों में बहस हो गई. पुरानी रंजिश के चलते हरदेव ने गुस्से में आकर पत्थर और लाठी से कालूराम के सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. भांकरोटा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरदेव बागरिया को गिरफ्तार कर आला-कत्ल (खून से सना पत्थर और लाठी) बरामद कर लिया है.











