हर-हर महादेव के जयघोष से गूंजा छत्तीसगढ़: सावन के पहले सोमवार शिवालयों में उमड़ी भीड़, कांवड़ियों की सेवा में लगे भंडारे

रायपुर, 3 अगस्त 2026
सावन के पहले सोमवार पर छत्तीसगढ़ के शिवालयों में सोमवार तड़के से ही आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। राजधानी रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रात 2 बजे से विशेष पूजा-अर्चना शुरू हुई, जहां भगवान शिव का गणेश स्वरूप में भव्य श्रृंगार किया गया। सुबह 4 बजे मंदिर के पट खुलते ही जलाभिषेक और दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं।
गरियाबंद के प्रसिद्ध भूतेश्वरनाथ महादेव मंदिर में भी हजारों श्रद्धालु जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर परिसर में कांवड़ियों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जगह-जगह भंडारे लगाए, जहां भोजन, फल और पेयजल की व्यवस्था की गई।
राजिम के कुलेश्वर महादेव मंदिर में भी सुबह से भक्तों का तांता लगा रहा। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया। भगवान शिव का आकर्षक श्रृंगार किया गया और दिनभर विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए जा रहे हैं।
बिलासपुर, रायगढ़ और मनेन्द्रगढ़ समेत प्रदेश के अन्य जिलों के शिवालयों में भी सुबह से जलाभिषेक, रुद्राभिषेक, महामृत्युंजय जाप और विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन हुआ। कई स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पार्थिव शिवलिंग बनाकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा की। महिलाओं, युवाओं और बच्चों की बड़ी संख्या मंदिरों में दर्शन के लिए पहुंची।
वहीं, बस्तर की आराध्य देवी मां दंतेश्वरी मंदिर में भी सावन के पहले सोमवार पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने मां दंतेश्वरी के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मान्यता है कि रायपुर के हटकेश्वरनाथ मंदिर में नंदी के कान में अपनी मनोकामना कहने पर भगवान शिव उसे अवश्य सुनते और पूरी करते हैं। इसी आस्था के चलते सावन के पहले सोमवार पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंचे। प्रदेशभर के प्रमुख शिवधामों में दिनभर पूजा-अर्चना, जलाभिषेक और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है।









