PoK में हिंसा कराकर चुनाव जीत रही नवाज शरीफ की पार्टी? दूसरे चरण में भी PML-N का दबदबा

पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) में विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नतीजों में पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ की पार्टी पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) ने बढ़त बनाए रखी है. अब तक घोषित 18 सीटों के अनौपचारिक और अस्थायी नतीजों में PML-N ने 13 सीटें जीत ली हैं, जबकि पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) को 5 सीटें मिली हैं. अभी 2 सीटों के नतीजे आना बाकी हैं.

हालांकि चुनाव के दौरान विवाद भी सामने आए. PPP ने आरोप लगाया कि कई जगह धांधली हुई और चुनाव निष्पक्ष नहीं रहे. पार्टी अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी ने दावा किया कि कार्यवाहक राष्ट्रपति चौधरी लतीफ अकबर पर हमला किया गया. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि LA-31 सीट पर PPP कार्यकर्ता मुश्ताक शाह की हत्या कर दी गई. PPP का कहना है कि चुनाव आयोग शिकायतों पर कार्रवाई करने में नाकाम रहा और पूरा चुनाव निष्पक्ष तरीके से नहीं कराया गया.

PML-N ने आरोप खारिज किए

दूसरी ओर PML-N ने सभी आरोपों को खारिज कर दिया. प्रधानमंत्री के राजनीतिक सलाहकार राणा सनाउल्लाह ने कहा कि मतदान शुरू होने के कुछ ही घंटे बाद PPP ने धांधली के आरोप लगाने शुरू कर दिए थे. उनके मुताबिक पूरे चुनाव के दौरान सिर्फ तीन घटनाएं हुईं, जिन्हें बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया गया. उन्होंने यह भी कहा कि बिलावल भुट्टो को गलत जानकारी दी गई और इसी वजह से उन्होंने ऐसे आरोप लगाए.

फिलहाल दूसरे चरण के ज्यादातर नतीजों में PML-N सबसे आगे है. हालांकि PPP चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठा रही है. अब सभी की नजर बची हुई दो सीटों के नतीजों पर है, जिनके बाद चुनाव की तस्वीर पूरी तरह साफ होगी.

दूसरे चरण में 21 सीटों पर वोटिंग

दूसरे चरण में मुजफ्फराबाद डिवीजन की 9 सीटों और 12 रिफ्यूजी सीटों पर मतदान हुआ. इन सभी सीटों पर कुल 344 उम्मीदवार चुनाव मैदान में थे. मतदान शाम 5 बजे तक होना था, लेकिन मतदान केंद्रों पर लंबी कतारों को देखते हुए चुनाव आयोग ने वोटिंग का समय एक घंटे बढ़ाकर शाम 6 बजे तक कर दिया.

ताजा नतीजों में नीलम वैली-2 (LA-26) सीट पर PPP के मियां अब्दुल वहीद ने 17,466 वोट लेकर PML-N के शाह गुलाम कादिर को हराया. उन्हें 15,494 वोट मिले. वहीं जम्मू-1 (LA-34) सीट पर PML-N के नासिर हुसैन डार ने 5,682 वोट हासिल कर निर्दलीय उम्मीदवार राजा रियाज अहमद को हराया, जिन्हें 2,124 वोट मिले. मुजफ्फराबाद-6 (LA-32) सीट पर PML-N के राजा मोहम्मद फारूक हैदर ने 21,156 वोट लेकर PPP के साहिबजादा मोहम्मद अशफाक जफर को हराया. वहीं मुजफ्फराबाद-7 (LA-33) सीट PPP के दीवान अली खान कमर चुगताई ने 25,469 वोट लेकर जीती. जम्मू-6 (LA-39) सीट भी PML-N के खाते में गई, जहां राजा मोहम्मद सिद्दीक ने 10,981 वोट हासिल किए.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com