स्कूल से लौट रही छात्रा को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, चालक वाहन छोड़कर फरार

रायपुर में स्कूल से घर लौट रही आठ वर्षीय छात्रा तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में छात्रा के पैर की हड्डी टूट गई। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एम्स रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार, घायल छात्रा महिमा ध्रुव चौथी कक्षा की छात्रा है। वह अपनी बहन और अन्य बच्चों के साथ स्कूल से ऑटो में घर लौट रही थी। ऑटो से उतरने के बाद सभी बच्चे पैदल घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान शीतला मंदिर गली के पास तेज रफ्तार कार ने महिमा को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने छात्रा को पहले निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर एम्स रायपुर रेफर कर दिया गया।
सीसीटीवी के आधार पर चालक की तलाश जारी
घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली थाना पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि फरार चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं छात्रा का उपचार एम्स रायपुर में जारी है और उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है।











