दूध, दही और मक्खन पर सरकार की सख्ती: स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल की चेतावनी- मिलावट की तो होगी कड़ी कार्रवाई

रायपुर, 06 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ में एनालॉग पनीर के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बाद अब स्वास्थ्य विभाग ने दूध, दही, मक्खन समेत अन्य खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों पर भी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने साफ शब्दों में कहा कि आम लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और मिलावटखोरों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
मीडिया से चर्चा के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने रायपुर रेलवे स्टेशन पर करीब 500 किलो संदिग्ध पनीर जब्त होने के मामले में कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि रेलवे परिसर से जुड़े मामलों में प्रक्रिया अलग होती है, जिससे कुछ तकनीकी दिक्कतें आती हैं। इसके बावजूद खाद्य एवं औषधि विभाग पूरी तरह अलर्ट है और मिलावट के खिलाफ अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि “जो लोग चालाकी करेंगे, सरकार उनसे एक कदम आगे रहेगी।”
मेडिकल कॉलेज के छात्रों द्वारा स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर किए गए प्रदर्शन पर मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। छात्रों से उनकी मुलाकात हो चुकी है और इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी चर्चा हुई है। सरकार इस विषय पर गंभीरता से विचार कर रही है।
वहीं, वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की जीत के दावों पर तंज कसते हुए श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं के बीच आपसी मतभेद किसी से छिपे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल योजनाएं बनाती है, लेकिन उन्हें लागू नहीं कर पाती। अपने मन को तसल्ली देने के लिए ही ऐसे दावे किए जा रहे हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के विस्तार को लेकर सांसद बृजमोहन अग्रवाल द्वारा लिखे गए पत्र पर मंत्री ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते सुरक्षा संबंधी मुद्दों पर चिंता जताना उनका दायित्व है। उन्होंने कहा कि जनता के हित में उठाए गए ऐसे मुद्दों से कांग्रेस को सीख लेनी चाहिए और जनहित के विषयों पर सकारात्मक राजनीति करनी चाहिए।











