जन्मदिन पर ग्राहकों को दिया अनोखा तोहफा, बिलासपुर में मुफ्त बांटे वड़ा पाव और आलू गुंडा

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक युवा व्यवसायी ने अपना जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाकर लोगों का दिल जीत लिया। कोनी निवासी अतुल धीवर ने अपने जन्मदिन के अवसर पर सैकड़ों छात्रों और स्थानीय लोगों को मुफ्त में वड़ा पाव और आलू गुंडा खिलाया। इस पहल की जानकारी मिलते ही सुबह से ही उनके ठेले पर लोगों की लंबी कतार लग गई। दिनभर छात्रों और स्थानीय नागरिकों ने मुफ्त नाश्ते का आनंद लिया और इस पहल की सराहना की।
ग्राहकों को जन्मदिन का रिटर्न गिफ्ट
अतुल धीवर का कहना है कि उनके लिए ग्राहक केवल व्यवसाय का हिस्सा नहीं, बल्कि परिवार जैसे हैं। उनका मानना है कि पूरे साल जिन लोगों की बदौलत उनकी रोजी-रोटी चलती है, उन्हें जन्मदिन के अवसर पर धन्यवाद देना उनका फर्ज है। इसी सोच के साथ उन्होंने अपने जन्मदिन पर सभी ग्राहकों के लिए वड़ा पाव और आलू गुंडा मुफ्त रखा। उन्होंने बताया कि यह उनके ग्राहकों के लिए छोटा-सा रिटर्न गिफ्ट है और वह पिछले दो वर्षों से इस परंपरा को निभा रहे हैं। पिछले वर्ष उन्होंने अपने जन्मदिन पर लोगों को मुफ्त दाबेली खिलाई थी।
सोशल मीडिया पर मिली सराहना
अतुल की इस पहल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों और छात्रों ने इसे जन्मदिन मनाने का प्रेरणादायक तरीका बताया। लोगों का कहना है कि जहां आजकल जन्मदिन पर दिखावे पर अधिक खर्च किया जाता है, वहीं अतुल ने अपने ग्राहकों के साथ खुशियां बांटकर एक सकारात्मक संदेश दिया है। उनकी इस पहल ने यह साबित किया कि छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में अपनापन और विश्वास बढ़ाने का माध्यम बन सकते हैं।











