मकान विवाद में नाना की हत्या, दो नातियों को उम्रकैद: कुल्हाड़ी-फावड़े से किया था जानलेवा हमला

रायगढ़ जिले में वर्ष 2022 में मकान और पुश्तैनी जमीन के विवाद में अपने ही नाना की हत्या करने वाले दो नातियों को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। दोनों आरोपियों ने पारिवारिक विवाद के दौरान कुल्हाड़ी, फावड़ा और डंडे से हमला कर हत्या की थी। मामले में न्यायालय ने दोनों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद और अर्थदंड से दंडित किया है।
पारिवारिक विवाद बना हत्या की वजह
अभियोजन के अनुसार, खरसिया थाना क्षेत्र के ग्राम सोण्डका निवासी गेंदलाल डनसेना (62) का अपने पुश्तैनी मकान और जमीन को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था। मृतक के साथ उनके नाती ओमप्रकाश डनसेना और कार्तिक डनसेना भी रहते थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान निर्माण और संपत्ति पर अधिकार को लेकर दोनों पक्षों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था।
25 दिसंबर 2022 को आरोपियों ने मृतक के छोटे भाई के घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की थी, जिसकी शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई। अगले दिन 26 दिसंबर को पारिवारिक बैठक के दौरान विवाद फिर बढ़ गया। जान बचाने के लिए गेंदलाल कमरे में छिप गए, लेकिन आरोपियों ने गैस सिलेंडर से दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कुल्हाड़ी, फावड़ा व डंडे से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
मजबूत साक्ष्यों के आधार पर सुनाया फैसला
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी कार्तिक डनसेना को घटनास्थल से ही हिरासत में ले लिया। फरार आरोपी ओमप्रकाश डनसेना को अगले दिन मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी, फावड़ा, डंडा, गैस सिलेंडर और घटना के समय पहने गए कपड़े भी बरामद किए।
जांच के दौरान जुटाए गए भौतिक और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने न्यायालय में मजबूत चालान पेश किया। अभियोजन पक्ष की प्रभावी पैरवी और उपलब्ध साक्ष्यों को देखते हुए अपर सत्र न्यायाधीश श्वेता श्रीवास्तव की अदालत ने दोनों आरोपियों को हत्या का दोषी करार देते हुए आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई।









