वृद्ध महिलाओं से चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 6 आरोपी गिरफ्तार; 3.41 लाख का सामान बरामद

कबीरधाम जिले में वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर चेन स्नैचिंग की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। साइबर थाना और पिपरिया पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने के आभूषण, तीन मोटरसाइकिल, नकदी सहित कुल 3.41 लाख रुपए का सामान बरामद किया गया है।
तकनीकी जांच से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस के अनुसार पिछले दो महीनों से जिले में वृद्ध महिलाओं के गले से सोने-चांदी के आभूषण छीनने की कई घटनाएं सामने आई थीं। इन मामलों में पिपरिया थाना, पांडातराई थाना और पौड़ी चौकी में अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए थे। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने गिरोह के तीन मुख्य आरोपियों नैनदास बंजारे, मनोज जांगड़े और राधेलाल चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि लूटे गए आभूषण नीतीश बंशे, खेलन डहरिया और बबला डहरिया को बेचे गए थे। इसके बाद पुलिस ने इन तीनों को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले गांवों में रेकी करते थे और फिर बाइक से मुंह ढंककर अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचते थे। अकेली वृद्ध महिलाओं को निशाना बनाकर उनके गले से आभूषण छीनकर फरार हो जाते थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि कुछ आभूषण बेच दिए गए थे, जबकि कुछ अपने पास छिपाकर रखे गए थे।
तीन बाइक, सोने के आभूषण और नकदी जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई तीन मोटरसाइकिल, करीब छह ग्राम सोने के आभूषण और एक हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। बरामद सामग्री की कुल कीमत लगभग 3.41 लाख रुपए बताई गई है।
गिरफ्तार सभी आरोपी बैहरसरी गांव, चौकी पौड़ी, थाना बोड़ला क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि गिरोह से पूछताछ जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि उन्होंने अन्य क्षेत्रों में भी इसी तरह की वारदातों को अंजाम दिया है या नहीं।











