नाबालिग चालकों पर ट्रैफिक पुलिस का शिकंजा, 59 वाहन जब्त; अभिभावकों को दी सख्त चेतावनी

स्कूलों के बाहर चला विशेष अभियान
रायपुर में यातायात पुलिस ने स्कूल आने-जाने के लिए दोपहिया और अन्य वाहन चलाने वाले नाबालिग छात्रों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। शहर के नौ प्रमुख स्कूलों के बाहर की गई सघन जांच के दौरान 59 नाबालिग वाहन चालकों को पकड़ा गया। सभी वाहनों को जब्त कर मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इसके अलावा नियमों का उल्लंघन करने पर तीन स्कूल वैन और एक स्कूल ऑटो पर भी कार्रवाई की गई। इस तरह कुल 63 वाहनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस के नेतृत्व में रेयान स्कूल, द्रोणाचार्य स्कूल, ब्रह्मविद स्कूल, केपीएस स्कूल, केंद्रीय विद्यालय, विंध्य पब्लिक स्कूल, एमजीएम स्कूल, देशबंधु स्कूल और होली हार्ट स्कूल के बाहर विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर रोक लगाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
अभिभावकों की काउंसलिंग, दोबारा उल्लंघन पर होगी कड़ी कार्रवाई
कार्रवाई के बाद सभी नाबालिग वाहन चालकों के अभिभावकों को यातायात मुख्यालय बुलाकर काउंसलिंग की गई। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने देना कानून का उल्लंघन है और इससे गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। अभिभावकों से भविष्य में बच्चों को वाहन नहीं देने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की गई।
यातायात पुलिस ने चेतावनी दी कि यदि कोई नाबालिग दोबारा वाहन चलाते हुए पकड़ा गया तो मोटरयान अधिनियम की धारा 199(ए) के तहत संबंधित अभिभावकों के खिलाफ भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, स्कूलों के बाहर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत अब तक कुल 340 वाहनों पर कार्रवाई की जा चुकी है। इनमें 269 नाबालिग वाहन चालक और 71 स्कूल ऑटो शामिल हैं। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।











