जीत के बावजूद नहीं ली चैन की सांस, श्रीलंका में टीम इंडिया का हैरतअंगेज फैसला

श्रीलंका के खिलाफ 15 अगस्त से शुरू हो रही दो मैचों की टेस्ट सीरीज से पहले भारतीय टीम पूरी तरह लय में नजर आ रही है. कोलंबो के नॉनडेस्क्रिप्ट्स क्रिकेट ग्राउंड पर श्रीलंका क्रिकेट XI के खिलाफ खेले गए तीन दिवसीय वॉर्म-अप मैच में शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय टीम ने आराम न करने का बड़ा फैसला लिया है. मुकाबला खत्म होने के अगले ही दिन खिलाड़ी मैदान पर अगली प्रैक्टिस के लिए उतर गए, लेकिन इस सेशन में एक चौंकाने वाला नजारा देखने को मिला.
सिर्फ 1 तेज गेंदबाज को नहीं मिला आराम
सीरीज के दौरान वर्कलोड को ध्यान में रखते हुए टीम मैनेजमेंट ने अहम तेज गेंदबाजों को आराम देने का फैसला किया. मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बराड़ को इस प्रैक्टिस सेशन से ब्रेक दिया गया, लेकिन युवा तेज गेंदबाज आकिब नबी अकेले पेसर के रूप में मैदान पर नजर आए. दरअसल, आकिब नबी को वॉर्म-अप मैच में सबसे कम गेंदबाजी करने का मौका मिला था. उन्होंने पहली पारी में एक भी ओवर नहीं फेंका था, वहीं दूसरी पारी में भी सिर्फ 5 ओवर की गेंदबाजी की थी, जिसमें उन्हें कोई विकेट हासिल नहीं हुआ था.यही वजह मानी जा रही है कि मैनेजमेंट ने उन्हें अपनी लय हासिल करने के लिए नेट्स में गेंदबाजी की प्रैक्टिस जारी रखने का निर्देश दिया है. बता दें, आकिब नबी को तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की जगह टीम इंडिया में शामिल किया गया है, जो चोट के चलते इस सीरीज से बाहर हो गए हैं.
सरफराज खान भी मैदान पर उतरे
इस प्रैक्टिस सेशन में युवा बल्लेबाज सरफराज खान भी नेट्स में पसीना बहाने पहुंचे. चोटिल साई सुदर्शन की जगह भारतीय टीम में शामिल किए गए सरफराज ने श्रीलंका पहुंचते ही अपनी तैयारियां शुरू कर दीं. स्पिन-फ्रेंडली श्रीलंकाई परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरफराज खान की मौजूदगी भारतीय बल्लेबाजी को ज्यादा मजबूती दे सकती है. हालांकि, प्लेइंग 11 में जगह बना पाना उनके लिए इतना आसान नहीं होगा.











