“ना मैंने चुम्मा दिया, ना लिया”… उदित नारायण की KISS कंट्रोवर्सी पर कुमार सानू ने ली चुटकी?

कुमार सानू और उदित नारायण 90 के दशक के टॉप सिंगर्स में शुमार रहे हैं. उस दौर में दोनों के बीच बेहतरीन गानों को लेकर कॉम्पिटिशन भी देखने को मिलता था, लेकिन वक्त के साथ दोनों की दोस्ती भी हो गई. हालांकि, हाल ही में एक बातचीत के दौरान कुमार सानू ने उदित नारायण पर मजेदार अंदाज में चुटकी लेने का मौका नहीं छोड़ा. कुमार सानू ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरान उदित नारायण के वायरल किस वीडियो को लेकर मजाकिया अंदाज में बात की और साफ कहा कि उन्होंने कभी इस तरह की कोई हरकत नहीं की.

उदित नारायण की किस कंट्रोवर्सी को लेकर अब सिंगर कुमार सानू ने भी चुटकी ली है. एक इवेंट के दौरान उन्होंने मजाक में कहा कि उन्होंने न तो किसी को चुम्मा दिया और न ही लिया. कुमार सानू की इस बात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और लोग उनके अंदाज को काफी पसंद कर रहे हैं.

कुमार सानू ने उदित पर ली चुटकी

एक हालिया बातचीत के दौरान कुमार सानू से उनकी जबरदस्त फैन फॉलोइंग को लेकर सवाल किया गया. उनसे पूछा गया कि उनके गानों की कई लड़कियां फैन रही हैं. कुमार सानू ने इसी सवाल का मौका लेते हुए उदित नारायण के उस वायरल कॉन्सर्ट वीडियो पर चुटकी ली, जिसमें वह फीमेल फैंस को किस करते नजर आए थे. सिंगर ने कहा, “नहीं मेरे को कोई चुम्मा-वुम्मा नहीं खाया. ना मैंने किसी को खाया. ना तो मैंने चुम्मा दिया, ना लिया. मैंने वो सब नहीं किया.”

इसी बातचीत के दौरान कुमार सानू ने उदित नारायण के साथ अपनी दोस्ती पर भी बात की. उन्होंने माना कि अपने शुरुआती दौर में दोनों एक-दूसरे से कॉम्पिटिशन करते थे, लेकिन अब दोनों के बीच अच्छी बॉन्डिंग है, क्योंकि अब उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं है.

क्या था उदित नारायण का किस विवाद?

साल 2025 में उदित नारायण के एक लाइव परफॉर्मेंस के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे. इन वीडियोज में वो परफॉर्मेंस के दौरान सेल्फी लेने के लिए उनके पास पहुंचीं फीमेल फैंस को किस करते नजर आए थे. वीडियो में एक फीमेल फैन उदित के गाल पर किस करने के लिए उनकी तरफ झुकी थी, तभी सिंगर ने अपना चेहरा घुमा लिया और दोनों के होंठ टच हो गए. ये वीडियो तेजी से वायरल हुआ और उदित नारायण को काफी बैकलैश का सामना करना पड़ा.

उदित नारायण ने दी थी सफाई

इसके बाद उदित नारायण के कई और वीडियो सामने आए, जिनमें वो फीमेल सिंगर्स और फैंस के साथ काफी करीब नजर आ रहे थे. विवाद बढ़ने के बाद सिंगर ने खुद इस पूरे मामले पर सफाई दी और अपने व्यवहार का बचाव किया. उदित नारायण ने एक इंटरव्यू में कहा था, “फैंस इतने दीवाने होते हैं ना. हम लोग ऐसे नहीं हैं, हम डीसेंट लोग हैं. कुछ लोग इसे बढ़ावा देते हैं और इसी तरह अपना प्यार दिखाते हैं. उड़ा के क्या करना है अब इस चीज को? भीड़ में इतने सारे लोग होते हैं और हमारे बॉडीगार्ड भी मौजूद रहते हैं. लेकिन फैंस सोचते हैं कि उन्हें मिलने का मौका मिल रहा है, तो कोई हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाता है, कोई हाथ पर किस करता है… ये सब दीवानगी होती है. उस पर इतना ध्यान नहीं देना चाहिए.”

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com