सचिवालय के रिकार्ड रूम में आग लगने से कई दस्तावेज जले

गुजरात की राजधानी गांधीनगर स्थित सचिवालय परिसर में सोमवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब ब्लॉक नंबर 9 के बेसमेंट में अचानक भीषण आग लग गई। इस दुर्घटना में बेसमेंट में स्थित रिकॉर्ड रूम पूरी तरह जलकर खाक हो गया। हालांकि, सबसे राहत की बात यह रही कि सुबह का वक्त होने के कारण इस घटना में कोई जनहानि या हताहत नहीं हुआ।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया गया काबू
गांधीनगर नगर निकाय के प्रभारी मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजेश पटेल के अनुसार, सुबह लगभग 7:50 बजे फायर कंट्रोल रूम को आग की सूचना मिली थी। घटना की जानकारी मिलते ही तुरंत दमकल की गाड़ियों को मौके पर रवाना किया गया। दमकलकर्मियों ने देखा कि आग सचिवालय के केवल ब्लॉक नंबर 9 के बेसमेंट क्षेत्र तक ही सीमित थी।
अग्निशमन विभाग की टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। आग बुझाने के बाद तुरंत कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया ताकि दोबारा आग फैलने का कोई खतरा न रहे।
धुएं से बढ़ी परेशानी, कारण अस्पष्ट
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि बेसमेंट में वेंटिलेशन यानी हवा के आने-जाने के उचित इंतजाम न होने के कारण वहां काफी मात्रा में घना धुआं भर गया था, जिसे बाहर निकालने के प्रयास जारी हैं।
इस अग्निकांड में रिकॉर्ड रूम में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और फाइलें पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। फिलहाल अग्निशमन विभाग और पुलिस प्रशासन आग लगने के स्पष्ट कारणों का पता लगाने में जुटे हैं, वहीं हुए कुल नुकसान का सटीक आकलन किया जा रहा है।











