जशपुर में पहाड़ी कोरवा युवक की हत्या, पिता-पुत्र ने पत्थर से किया हमला; CCTV में कैद हुई वारदात

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में शराब के नशे में हुए विवाद के बाद 30 वर्षीय पहाड़ी कोरवा युवक की हत्या कर दी गई। आरोप है कि पिता-पुत्र ने युवक के सिर पर पत्थर से कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पूरी घटना पंचायत भवन के सामने लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। मामला सन्ना थाना क्षेत्र का है।
मृतक की पहचान कंदरई, बलादरपाठ निवासी भगुआ राम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, भगुआ राम सोमवार को लकड़ी बेचने के लिए सन्ना आया था। शाम के समय पंचायत भवन की ओर जाते वक्त उसका पिता-पुत्र से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। बताया जा रहा है कि उस समय तीनों नशे में थे।
विवाद के बाद युवक पर किया हमला
विवाद बढ़ने पर भगुआ राम ने आरोपियों को डंडे से डराने की कोशिश की। इसी दौरान एक आरोपी ने पत्थर उठाकर उसके सिर पर हमला कर दिया। युवक के जमीन पर गिरने के बाद दूसरे आरोपी ने भी उसके सिर पर पत्थर से कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी वहां से भाग चुके थे। परिजन और ग्रामीण घायल भगुआ राम को सन्ना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
CCTV में कैद हुई हत्या, आरोपी हिरासत में
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी पिता और बेटे को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है।
पंचायत भवन में लगे CCTV कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। पुलिस ने फुटेज को जांच में शामिल किया है। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।











