हरेली तिहार पर सीएम हाउस में सजा छत्तीसगढ़ी रंग : फरा-चिल्ला बांटे गए; साय करेंगे हल-नांगर की पूजा, देखे लाइव…

रायपुर, 12 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ के पहले लोकपर्व हरेली तिहार का आयोजन बुधवार को नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में पारंपरिक उत्साह और छत्तीसगढ़ी लोक संस्कृति के रंग के साथ किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हल-नांगर समेत कृषि उपकरणों की पूजा करेंगे।
मुख्यमंत्री निवास को हरेली तिहार के लिए भव्य तरीके से सजाया गया है। आयोजन स्थल पर छत्तीसगढ़ के ग्रामीण परिवेश और खेती-किसानी से जुड़ी परंपराओं की झलक देखने को मिल रही है। संस्कृति और कृषि विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में पारंपरिक वस्तुओं और कृषि उपकरणों को भी प्रदर्शित किया गया है।
फरा-चिल्ला और पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद
हरेली कार्यक्रम में पहुंचने वाले लोगों को छत्तीसगढ़ के पारंपरिक व्यंजन फरा और चिल्ला बांटे जा रहे हैं। आयोजन स्थल पर कई तरह के पारंपरिक पकवान भी तैयार किए गए हैं। इससे कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ी खान-पान और लोक संस्कृति का रंग और गहरा नजर आ रहा है।
गेड़ी और पारंपरिक खेलों का आयोजन
कार्यक्रम में गेड़ी चढ़ने के साथ पारंपरिक खेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। लोक कलाकारों और नर्तक दलों ने पारंपरिक परिधानों में प्रस्तुतियां दीं। कलाकार आरु साहू ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
नई पीढ़ी को लोक परंपराओं से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री निवास में आयोजित हरेली समारोह का एक प्रमुख उद्देश्य नई पीढ़ी को छत्तीसगढ़ की लोक परंपराओं, ग्रामीण जीवन और कृषि संस्कृति से जोड़ना है। पारंपरिक खेलों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और ग्रामीण परिवेश के माध्यम से हरेली की पुरानी परंपराओं को सामने रखा जा रहा है।
खेती-किसानी से गहरा जुड़ा है हरेली पर्व
हरेली छत्तीसगढ़ का प्रमुख कृषि पर्व है। इस दिन किसान अपने हल-नांगर और कृषि उपकरणों की साफ-सफाई कर उनकी पूजा करते हैं। अच्छी फसल, हरियाली और सुख-समृद्धि की कामना के साथ यह पर्व मनाया जाता है। सावन के दौरान मनाया जाने वाला हरेली पर्व छत्तीसगढ़ के ग्रामीण जीवन और कृषि संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े और भाजपा नेता अमित चिमनानी समेत कई लोग शामिल हुए। समारोह के जरिए छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति, खान-पान और लोक जीवन को एक मंच पर प्रस्तुत किया जा रहा है।











