‘क्राइम पेट्रोल’ में अजय देवगन ने अनूप सोनी को किया रिप्लेस, एक्टर ने दिया बड़ा रिएक्शन

अभिनेता अजय देवगन फाइनली अपना टीवी डेब्यू कर रहे हैं. वो सोनी टीवी के मशहूर शो ‘क्राइम पेट्रोल’ में होस्ट के तौर पर नज़र आएंगे. इस टीवी शो को अनूप सोनी ने लंबे वक्त तक होस्ट किया है. पिछले सीजन में भी वही होस्ट थे. पर इस बार उनकी जगह अजय देवगन को मेकर्स ने होस्ट बनाया है. इस बारे में अब अनूप सोनी का भी बयान आ गया है. उन्होंने एक इंटरव्यू में अजय देवगन के ‘क्राइम पेट्रोल’ का होस्ट बनने पर रिएक्ट किया है.
अभिनेता अनूप सोनी ‘क्राइम पेट्रोल‘ का चेहरा रहे हैं. उन्होंने इस शो के होस्ट के तौर पर सबसे ज्यादा वक्त गुज़ारा है. अनूप ने अजय देवगन की शो में एंट्री को लेकर वैरायटी इंडिया से बात की है. वो कहते हैं, “इस बारे में कहने के लिए मेरे पास ज्यादा कुछ है नहीं. क्राइम पेट्रोल के साथ मेरा बहुत लंबा और खास रिश्ता रहा है. ऑडियंस ने मुझे सालों तक जो प्यार और सम्मान दिया है, उसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं”
कब से शुरू होगा अजय देवगन का ‘क्राइम पेट्रोल’?
अजय देवगन की एंट्री के साथ ही इस शो का पहला प्रोमो भी मेकर्स ने जारी कर दिया है. शो का नाम ‘क्राइम पेट्रोल 2026- क्राइम का करंट सीजन’ रखा गया है. अजय के शो में एंट्री से निश्चित तौर पर इस शो को एक फ्रेश स्टार्ट मिलेगा. रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने इस शो के लिए 15 एपिसोड्स की शूटिंग पहले ही कर ली है. शो की शुरुआत सोनी टीवी पर 31 अगस्त से होने वाली है.
जब अनूप सोनी से उन्हें रिप्लेस करने को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने कहा, “मैं अजय देवगन का बड़ा फैन हूं और मुझे उनके साथ प्रकाश झा की गंगाजल और अपहरण जैसी फिल्मों में साथ काम करने का मौका भी मिला है. मुझे यकीन है कि वो इस शो में अपना स्टाइल और नजरिया पेश करेंगे. मैं पूरी टीम को नए सीजन के लिए शुभकामनाएं देता हूं.”











