Apple बढ़ा सकता है iPhone की कीमत, भारत में इतने महंगे हो सकते हैं फोन

iPhone 18 Pro के लॉन्च के साथ सभी iPhone मॉडल की कीमत में 10,000 रुपये तक बढ़ोतरी हो सकती है. यह जानकारी लीक रिपोर्ट्स के हवाले से सामने आई है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसा दावा किया जा रहा है. अगर यह दावा सही साबित होता है, तो नए ही नहीं बल्कि अभी बाजार में बिक रहे पुराने iPhone मॉडल भी महंगे हो सकते हैं.

Apple ने जून में अपने कई डिवाइस की कीमतें बढ़ाई थीं. इनमें नया एंट्री-लेवल MacBook Neo, M5 चिप वाले MacBook Air और MacBook Pro, M4 चिप वाला Mac Mini, iPad मॉडल और कुछ स्मार्ट होम डिवाइस शामिल थे. हालांकि, उस समय कंपनी ने अपने मौजूदा iPhone मॉडल की कीमतों में बढ़ोतरी नहीं की थी. इसके बाद से iPhone की कीमत बढ़ने की खबरें लगातार सामने आ रही हैं.

मीडिया रिपोर्ट् के मुताबिक, Apple 8 सितंबर तक सभी नए और पुराने iPhone मॉडल की कीमत में 100 डॉलर यानी करीब 10,000 रुपये की बढ़ोतरी कर सकता है. यह बढ़ोतरी iPhone 18 Pro, iPhone 18 Pro Max और कंपनी के पहले बुक-स्टाइल फोल्डेबल फोन iPhone Ultra के लॉन्च के साथ हो सकती है.

8 सितंबर से महंगे हो सकते हैं iPhone

दावा किया जा रहा है कि Apple नए iPhone 18 Pro लाइनअप के लॉन्च के आसपास सभी iPhone की कीमत बढ़ा सकता है. कंपनी मौजूदा iPhone 17, iPhone Air और iPhone 17e की कीमत भी बढ़ा सकती है. वहीं iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max के साथ 2024 में लॉन्च हुए iPhone 16 और iPhone 16 Plus को बंद किए जाने की संभावना है.

रिपोर्ट के मुताबिक, सभी नए और पुराने iPhone मॉडल पर करीब 100 डॉलर यानी लगभग 10,000 रुपये की बढ़ोतरी हो सकती है. हालांकि, Apple ने अभी कीमत बढ़ाने की आधिकारिक घोषणा नहीं की है. कंपनी अपने डिस्ट्रीब्यूटर्स को कीमत बढ़ाने की जानकारी कई हफ्ते पहले नहीं देती है.

भारत में कितनी बढ़ सकती है कीमत?

फिलहाल Apple India की वेबसाइट पर 256GB वाले iPhone 17 की शुरुआती कीमत 82,900 रुपये है. iPhone Air की कीमत 1,19,900 रुपये और iPhone 17e की शुरुआती कीमत 64,900 रुपये है. अगर करीब 10,000 रुपये की बढ़ोतरी होती है, तो इनकी कीमत 92,900 रुपये, 1,29,900 रुपये और 74,900 रुपये हो सकती है. हालांकि, ये कीमतें अभी संभावित हैं और Apple ने इनकी पुष्टि नहीं की है.

Apple के CEO Tim Cook ने जून में The Wall Street Journal से बातचीत में बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग लागत का संकेत दिया था. उन्होंने कहा था कि कंपनी के लिए बढ़ती लागत को लंबे समय तक खुद उठाना मुश्किल है. इससे भी भविष्य में कीमत बढ़ने की संभावना को बल मिला है. रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि आने वाले iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max की कीमत मौजूदा iPhone 17 Pro और iPhone 17 Pro Max की तुलना में काफी ज्यादा हो सकती है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com