गोंदली जलाशय में मछली पकड़ने गए युवक की डूबने से मौत, पानी में मिला शव

छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गोंदली जलाशय के डुबान क्षेत्र में मछली पकड़ने गए 25 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान भैंसबोड़ निवासी मोनू देवांगन के रूप में हुई है। वह गैरेज में मैकेनिक का काम करता था। मंगलवार को स्थानीय लोगों ने पानी में उसका शव देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मोनू सुबह करीब 10:30 बजे जलाशय के डुबान क्षेत्र में मछली पकड़ने पहुंचा था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों की नजर पानी में पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू की।
घटनास्थल से वाहन बरामद
पुलिस ने मौके से मृतक की पावर एक्सल गाड़ी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत डूबने से होने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत की वास्तविक परिस्थितियां पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होंगी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण भी किया है।
परिजनों ने मिर्गी की शिकायत बताई
परिजनों के अनुसार मोनू को मिर्गी की शिकायत थी। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच के दौरान उसके शरीर पर किसी तरह के चोट के निशान नहीं मिले हैं। मामले की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।











