अजय चंद्राकर के वायरल वीडियो मामले में दो गिरफ्तार: पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर सोशल मीडिया पर किया था शेयर

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर से जुड़े भ्रामक वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी सगे भाई हैं और सोशल मीडिया पर न्यूज से जुड़ा पेज चलाते हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने एक पुराने वीडियो को एडिट कर उसे स्वतंत्रता दिवस के मौके का बताकर शेयर किया था।

पुलिस ने आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निराला (25) और राकेश निराला (32) के रूप में की है। दोनों सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के ग्राम जिल्दी के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुराने वीडियो को एडिट कर किया वायरल

मामला 15 अगस्त को सामने आए एक वीडियो से जुड़ा है। वायरल वीडियो में अजय चंद्राकर को तिरंगे की जगह भाजपा का झंडा फहराते हुए दिखाया गया था। वीडियो के सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इसे भ्रामक और पुराना वीडियो बताया।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। जांच में पता चला कि वीडियो वास्तव में 22 मार्च 2026 का है। यह कुरूद स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित एक प्रशिक्षण कार्यक्रम का वीडियो था, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा पार्टी का झंडा फहराया जा रहा था।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पुराने वीडियो को डाउनलोड किया और उसमें बदलाव किए। वीडियो पर स्वतंत्रता दिवस से संबंधित भ्रामक संदेश लगाए गए और तिरंगे का प्रतीक भी जोड़ा गया। इसके बाद इसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया गया।

मोबाइल जांच में सामने आए अहम सबूत

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी राकेश निराला के मोबाइल की जांच की। पुलिस के मुताबिक, मोबाइल में भाजपा कार्यकर्ताओं के पार्टी का झंडा फहराने से संबंधित तस्वीरें मिली हैं। इन तस्वीरों का पंचनामा भी तैयार किया गया है।

वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने धमतरी सिटी कोतवाली थाने में शिकायत की थी और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस ने जांच के बाद दोनों आरोपियों को सारंगढ़-बिलाईगढ़ से गिरफ्तार किया। मामले में वीडियो को वायरल करने के पीछे की मंशा और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com