Hockey World Cup 2026: आज भारत-पाकिस्तान की होगी भिड़ंत, हैंडशेक होगा या नहीं?

हॉकी विश्व कप 2026 में आज भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों देशों के बीच होने वाला यह मुकाबला सिर्फ प्रतिष्ठा की लड़ाई नहीं है, बल्कि टूर्नामेंट में आगे बढ़ने के लिहाज से भी बेहद अहम है। भारत के लिए स्थिति साफ है पाकिस्तान के खिलाफ हार मिली तो उसका विश्व कप अभियान खत्म हो जाएगा। वहीं जीत भारत को अगले दौर में पहुंचा देगी।

मुकाबले से पहले मैदान पर होने वाली टक्कर के साथ एक और सवाल चर्चा में है कि क्या भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ी मैच से पहले या बाद में एक-दूसरे से हाथ मिलाएंगे। क्रिकेट में हाल के दिनों में दोनों टीमों के बीच हैंडशेक को लेकर काफी चर्चा हुई है, लेकिन हॉकी में स्थिति अलग है।

हैंडशेक होगा या नहीं?

हॉकी इंडिया पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि वह क्रिकेट की राह पर नहीं चलेगा। संस्था ने कहा है कि भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक चार्टर और अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (FIH) के दिशा-निर्देशों का पालन करेगी।

हॉकी में खिलाड़ियों के लिए हैंडशेक करना अनिवार्य नहीं है। FIH की आधिकारिक नियमावली में ऐसा कोई प्रावधान नहीं है जिसके तहत हाथ नहीं मिलाने पर किसी खिलाड़ी या टीम के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाए। हालांकि, मैच से पहले और बाद में खिलाड़ियों का एक-दूसरे से हाथ मिलाना या हाई-फाइव करना खेल भावना और आपसी सम्मान की पारंपरिक प्रक्रिया का हिस्सा माना जाता है।

भारत के पूर्व खिलाड़ी रोमियो जेम्स ने भी इस पूरे विवाद को ज्यादा तूल नहीं देने की सलाह दी है। उनका मानना है कि असली जवाब मैदान पर प्रदर्शन से दिया जाना चाहिए। उनके मुताबिक खिलाड़ियों को मैदान पर पूरी आक्रामकता के साथ खेलना चाहिए, जबकि मैदान के बाहर खेल भावना और दोस्ताना व्यवहार बनाए रखना चाहिए।

हाल के एफआईएच प्रो लीग मुकाबलों और जूनियर स्तर की प्रतियोगिताओं में भी भारतीय खिलाड़ियों को मैच से पहले विरोधी खिलाड़ियों के साथ हाई-फाइव करते देखा गया है।

भारत को अगले दौर में पहुंचाएगी जीत

ग्रुप डी में भारत ने अब तक दो मैच खेले हैं। टीम ने पहले मुकाबले में वेल्स को 3-1 से हराया था, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड के खिलाफ 2-4 से हार का सामना करना पड़ा।

भारत फिलहाल तीन अंकों के साथ ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। इंग्लैंड दोनों मैच जीतकर छह अंकों के साथ शीर्ष पर है। वेल्स तीसरे और पाकिस्तान चौथे स्थान पर है।

ऐसे में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का परिणाम ग्रुप की तस्वीर तय करेगा। भारत जीतता है तो वह अगले दौर में पहुंच जाएगा और पाकिस्तान का अभियान समाप्त हो जाएगा। पाकिस्तान की जीत की स्थिति में भारतीय टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।

अगर मुकाबला ड्रॉ रहता है तो भारत को अगले दौर में पहुंचने के लिए इंग्लैंड और वेल्स के मुकाबले के नतीजे पर निर्भर रहना होगा। भारत के लिए इंग्लैंड की जीत या दोनों टीमों के बीच ड्रॉ का परिणाम फायदेमंद रहेगा।

विश्व कप में भारत का पलड़ा भारी

हॉकी विश्व कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक पांच मुकाबले हुए हैं। इनमें भारत ने तीन मैच जीते हैं, जबकि पाकिस्तान को दो मुकाबलों में जीत मिली है।

दोनों टीमों के बीच 2010 विश्व कप में भी मुकाबला हुआ था, जिसमें भारत ने पाकिस्तान को 4-1 से हराया था।

हालांकि, ओवरऑल रिकॉर्ड में पाकिस्तान का पलड़ा भारी है। दोनों टीमें अब तक 183 मुकाबलों में आमने-सामने आ चुकी हैं। पाकिस्तान ने 82 मैच जीते हैं, जबकि भारत ने 69 मुकाबलों में जीत दर्ज की है। 32 मैच ड्रॉ रहे हैं।

पाकिस्तान चार बार हॉकी विश्व कप का खिताब जीत चुका है, जबकि भारत ने एक बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की है। हालांकि पिछले कुछ वर्षों में दोनों टीमों के प्रदर्शन में बड़ा अंतर देखने को मिला है।

हाल के मुकाबलों में भारत का दबदबा

भारत ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के खिलाफ लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को 2-1 से हराया था। प्रो लीग में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ 4-3 से जीत दर्ज की।

2023 एशियन गेम्स में भारत ने पाकिस्तान को 10-2 से करारी शिकस्त दी थी। हाल ही में प्रो लीग में दोनों टीमें फिर आमने-सामने हुईं, जहां भारत ने 7-1 की बड़ी जीत दर्ज की।

पूर्व भारतीय गोलकीपर पीआर श्रीजेश भी मानते हैं कि भारत-पाकिस्तान के हॉकी मुकाबले अब पहले की तरह बराबरी के नहीं रहे हैं। भारतीय टीम की फिटनेस, ताकत, खेल की समझ और मैदान पर निर्णय लेने की क्षमता में सुधार ने दोनों टीमों के बीच अंतर बढ़ाया है।

शाम 6:30 बजे शुरू होगा मुकाबला

भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी विश्व कप का यह अहम मुकाबला भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे शुरू होगा।

टीवी पर मैच का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग जियोहॉटस्टार की वेबसाइट और ऐप पर उपलब्ध होगी।

भारत की टीम

मोहित एचएस, सूरज करकेरा, हरमनप्रीत सिंह (कप्तान), जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास, जुगराज सिंह, संजय, सुमित, यशदीप सिवाच, राजिंदर सिंह, आदित्य अर्जुन लालागे, हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, नीलकंठ शर्मा, विवेक सागर प्रसाद, दिलप्रीत सिंह, शिलानंद लाकड़ा, सुखजीत सिंह, मंदीप सिंह और अभिषेक।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com