घायल हुए कार्तिक आर्यन, अस्पताल में हुई सर्जरी , कबीर खान की फिल्म की शूटिंग के दौरान हादसा

बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन को अपनी अपकमिंग फिल्म की शूटिंग के दौरान घुटने में चोट लग गई है. चोट लगने के बाद उन्हें मुंबई के माहिम स्थित फोर्टिस राहेजा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी सर्जरी की गई. 35 साल के कार्तिक इन दिनों निर्देशक कबीर खान की अगली फिल्म पर काम कर रहे थे. इस खबर के सामने आने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हैं. कार्तिक और कबीर खान की जोड़ी इससे पहले साल 2024 में रिलीज हुई स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म ‘चंदू चैंपियन’ में साथ काम कर चुकी है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था.

नेशनल अवॉर्ड जीतकर चर्चा में आए थे कार्तिक आर्यन

कार्तिक आर्यन के लिए हाल ही का समय बेहद खास रहा है. ‘चंदू चैंपियन’ में पैरालंपिक गोल्ड मेडलिस्ट मुरलीकांत पेटकर का किरदार निभाने के लिए उन्हें 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड्स में बेस्ट एक्टर का सम्मान मिला. इस अवॉर्ड को उन्होंने मलयालम सुपरस्टार ममूटी के साथ साझा किया. नेशनल अवॉर्ड के ऐलान के बाद कार्तिक ने सोशल मीडिया पर अपनी खुशी जाहिर की थी. उन्होंने लिखा था कि वह अभी भी इस पल को महसूस कर रहे हैं और कई सालों से देखा गया उनका सपना आखिरकार पूरा हो गया.

अवॉर्ड जीतने के बाद कार्तिक अपने माता-पिता के साथ उज्जैन स्थित महाकालेश्वर मंदिर भी पहुंचे थे. वहां उन्होंने भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया. अभिनेता की इस उपलब्धि को उनके करियर के सबसे खास पड़ावों में से एक माना जा रहा है.

‘कैप्टन इंडिया’ समेत कई बड़े प्रोजेक्ट्स लाइनअप में

कार्तिक आर्यन का फिल्मी करियर भी लगातार आगे बढ़ रहा है. वह ‘प्यार का पंचनामा’ फ्रेंचाइजी, ‘सोनू के टीटू की स्वीटी’, ‘भूल भुलैया 2′ और ‘भूल भुलैया 3′ जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग का दम दिखा चुके हैं. अब उनकी चोट के कारण उनकी आने वाली फिल्मों की शूटिंग और शेड्यूल पर भी नजर बनी हुई है.

कार्तिक को शिमित अमीन के निर्देशन में बनने वाली फिल्म ‘कैप्टन इंडिया’ की शूटिंग भी शुरू करनी थी. शिमित अमीन ‘चक दे! इंडिया’ जैसी चर्चित फिल्म के निर्देशक रहे हैं. इस फिल्म में कार्तिक के साथ पार्वती थिरुवोथु भी नजर आएंगी. फिलहाल फैंस अभिनेता के जल्द ठीक होने और दोबारा पूरी तरह फिट होकर सेट पर लौटने की उम्मीद कर रहे हैं.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close
Virus-free.www.avast.com