क्या फॉर्च्यूनर का ‘फितूर’ उतारेगी ये धांसू SUV? 4 सितंबर को लॉन्च होगी किआ सोरेंटो

किआ की नई प्रीमियम SUV सोरेंटो लॉन्च से पहले ही भारतीय सड़कों पर बिना किसी कवर के नजर आई है. कंपनी इसे भारत में 4 सितंबर 2026 को लॉन्च करने वाली है. कुछ दिन पहले किआ सोरेंटो की पहली झलक सामने आई थी और यह भी बताया था कि SUV का प्रोडक्शन आंध्र प्रदेश के अनंतपुर प्लांट में शुरू हो चुका है.
अब बिना कवर के दिखी सोरेंटो का वीडियो Instagram पर एक यूजर ने शेयर किया है. हालांकि वीडियो की सही लोकेशन सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि इसे अनंतपुर के आसपास देखा गया है. SUV को बिना किसी कैमोफ्लाज के सड़क पर चलते देखा गया, जिससे इसके डिजाइन की काफी जानकारी मिलती है.
कैसी दिखती है नई किआ सोरेंटो?
सोरेंटो का डिजाइन किआ की ग्लोबल डिजाइन लैंग्वेज से मिलता-जुलता है. इसमें लंबा और सीधा बॉडी शेप दिया गया है, जो इसे बड़ी और प्रीमियम SUV का लुक देता है. इसके फ्रंट में बड़ी टाइगर नोज ग्रिल दी गई है. ग्रिल पर 3D पैटर्न और ब्रश्ड एल्युमिनियम फिनिश दिखाई देती है. SUV में वर्टिकल LED हेडलैंप और किआ की स्टार मैप डिजाइन से इंसपायर्ड LED DRLs मिलते हैं. टर्न इंडिकेटर को हॉरिजॉन्टल रखा गया है.साइड में बॉक्सी डिजाइन, बड़े व्हील आर्च, रूफ रेल्स और एल्युमिनियम फिनिश देखने को मिलती है. वीडियो में दिखी SUV में डुअल-टोन मशीन-कट अलॉय व्हील्स भी हैं, जिनका साइज 19 इंच होने की उम्मीद है. पीछे की तरफ वर्टिकल LED टेललैंप, चौड़ा बंपर और इलेक्ट्रिक टेलगेट दिया गया है. कुल मिलाकर Sorento सड़क पर काफी बड़ी और प्रीमियम नजर आती है.
हाइब्रिड और डीजल इंजन का मिलेगा विकल्प
किआ पहले ही साफ कर चुकी है कि भारत में सोरेंटो को हाइब्रिड और डीजल इंजन के साथ पेश किया जाएगा. हाइब्रिड वर्जन खास होगा, क्योंकि यह भारत में किआ की पहली AWD हाइब्रिड SUV होगी. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम मिल सकता है. इसका आउटपुट करीब 238 hp और 380 Nm होने की उम्मीद है. वहीं, डीजल मॉडल में 2.2-लीटर टर्बो-डीजल इंजन मिल सकता है, जो करीब 202 bhp और 440 Nm का पावर देगा. यही इंजन Kia Carnival में भी इस्तेमाल होता है. हालांकि, इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि अभी कंपनी ने नहीं की है.











