9 विकेट लेकर जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज ने कहर बरपाया, नॉर्थ जोन को Duleep Trophy के सेमीफाइनल में पहुंचाया

Duleep Trophy 2026 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को हरा दिया. नॉर्थ जोन ने मुकाबला 52 रन से जीता. इस जीत के साथ ही उसने सेमीफाइनल का टिकट भी कटा लिया. नॉर्थ जोन की इस दमदार जीत के हीरो बाएं हाथ के स्पिनर आबिद मुश्ताक बने, जिन्होंने अकेले ही 9 विकेट चटकाते हुए, वेस्ट जोन को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया. वेस्ट जोन में पृथ्वी शॉ, मुशीर खान, ऋतुराज गायकवाड़ जैसे बल्लेबाजी के नामचीन चेहरे मौजूद थे. बावजूद इसके आबिद मुश्ताक ने अपनी चमक बिखेरकर खुद की काबिलियत को दिखाया है.
आबिद मुश्ताक के आगे वेस्ट जोन ढेर
बेंगलुरु में खेले मुकाबले में नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन के सामने जीत के लिए 287 रन का लक्ष्य रखा था. लेकिन, इस लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्ट जोन की दूसरी पारी 234 रन पर ही सिमट गई. वेस्ट जोन को लक्ष्य से पहले रोकने में आबिद मुश्ताक ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने दूसरी पारी में 22 ओवर में 60 रन देकर 4 विकेट लिए.
वेस्ट जोन के खिलाफ पहली पारी में झटके 5 विकेट
इससे पहले वेस्ट जोन की पहली पारी में आबिद मुश्ताक ने 25.4 ओवर में 39 रन देकर 5 विकेट लिए थे. उनके जड़े उस पंच की वजह से ही वेस्ट जोन की पहली पारी 187 रन पर सिमट कर रह गई.
वेस्ट जोन के 187 रन पर सिमटने की वजह से नॉर्थ जोन को पहली पारी में 64 रन की बढ़त मिली थी. नॉर्थ जोन ने पहली पारी में 251 रन बनाए थे. उसके बाद उसने अपनी दूसरी पारी में 222 रन बनाए और वेस्ट जोन के सामने 287 का टारगेट सेट करने का काम किया.
99 रन पर 9 विकेट लेने वाले आबिद मुश्ताक कौन?
क्वार्टर फाइनल में 99 रन पर 9 विकेट गिराने वाले खिलाड़ी आबिद मुश्ताक की बात करें तो वो जम्मू कश्मीर के डोडा जिले से आते हैं. उनकी उम्र 29 साल है और वो बाएं हाथ के स्पिनर हैं. 2019 में उन्होंने अपना फर्स्ट क्लास डेब्यू किया था. आबिद मुश्ताक के के दम से नॉर्थ जोन ने वेस्ट जोन को हराकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया, जहां अब उसका मुकाबला साउथ जोन से होगा. ये मुकाबला 30 अगस्त से शुरू होगा.











