नई MG Hector Tomahawk हुई लॉन्च, 1,100km से ज्यादा रेंज, कीमत 13.99 लाख से शुरू

JSW MG मोटर इंडिया ने अपनी नई SUV Hector Tomahawk को भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने इसे दो पावरट्रेन ऑप्शन EV और प्लग-इन हाइब्रिड यानी PHEV में पेश किया है. इसकी शुरुआती कीमत 13.99 लाख रुपये रखी गई है. यह कीमत बैजरी एज-ए-सर्विस यानी BaaS मॉडल के तहत है.
BaaS मॉडल में ग्राहक को कार की कीमत के साथ बैटरी के इस्तेमाल के लिए प्रति किलोमीटर किराया देना होगा. Hector Tomahawk EV की कीमत 13.99 लाख रुपये है और बैटरी के लिए 4.90 रुपये प्रति किलोमीटर देने होंगे. वहीं, PHEV की शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये है और बैटरी रेंटल 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर है. ये शुरुआती BaaS कीमतें सीमित बुकिंग के लिए उपलब्ध हैं. अगर ग्राहक पूरी कार और बैटरी का मालिक बनना चाहता है, तो EV की कीमत 19.49 लाख रुपये और PHEV की कीमत 25.69 लाख रुपये से शुरू होती है.
517km तक की रेंज
Hector Tomahawk EV में 69.2kWh की बैटरी दी गई है. इसका इलेक्ट्रिक मोटर 150kW की पावर और 310Nm का टॉर्क देता है. कंपनी के अनुसार, यह एक बार फुल चार्ज होने पर 517km तक चल सकती है. इसमें 90kW तक DC फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट मिलता है. PHEV मॉडल में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ 20.5kWh बैटरी दी गई है. यह अकेले इलेक्ट्रिक पावर पर 115km से ज्यादा चल सकती है. पेट्रोल और बैटरी को मिलाकर इसकी कुल ड्राइविंग रेंज 1,100km से ज्यादा है.
फीचर्स में भी है दम
Hector Tomahawk में 15.6-इंच HD टचस्क्रीन, 8.8-इंच मल्टी-इंफॉर्मेशन डिस्प्ले और 10-स्पीकर Infinity ऑडियो सिस्टम मिलता है। इसके अलावा पैनोरमिक SkyRoof, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें और i-SMART 3.0 के साथ 80 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स दिए गए हैं. सेफ्टी के लिए SUV में Level 2 ADAS मिलता है. इसमें अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट, लेन डिपार्चर वार्निंग, फ्रंट कोलिजन वार्निंग और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे फीचर्स शामिल हैं. इसके अलावा 360-डिग्री HD कैमरा, 6 एयरबैग, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, ट्रैक्शन कंट्रोल, हिल होल्ड कंट्रोल और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम भी मिलता है. इस SUV की खासियत में V2H यानी Vehicle-to-Home फीचर भी शामिल है. इसकी मदद से कार की बैटरी से घर के इलेक्ट्रिकल उपकरण चलाए जा सकते हैं.
बुकिंग और डिलीवरी
Hector Tomahawk EV को 5-सीटर और 7-सीटर दोनों विकल्पों में पेश किया गया है, जबकि PHEV सिर्फ 7-सीटर मॉडल में उपलब्ध है. कंपनी दोनों मॉडलों की बैटरी पर पहले मालिक को लाइफटाइम वारंटी भी दे रही है. दोनों मॉडल की बुकिंग देशभर में MG डीलरशिप और कंपनी की वेबसाइट के जरिए शुरू हो चुकी है. Hector Tomahawk EV की डिलीवरी सितंबर 2026 से शुरू होगी, जबकि PHEV की टेस्ट ड्राइव और डिलीवरी नवंबर 2026 से शुरू होने की उम्मीद है.











