फ्लाइट है या पिकनिक स्पॉट? IndiGo की उड़ान में परिवार ने फैलाया रायता, सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस!

सोचिए, आप फ्लाइट में सफर कर रहे हैं और बगल वाली सीट से अचानक घर के बने गरमा-गरम खाने की खुशबू आने लगे. हाल ही में इंडिगो एयरलाइन का एक ऐसा ही वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान भी हैं और अपनी हंसी भी नहीं रोक पा रहे हैं.
वीडियो में एक परिवार फ्लाइट के अंदर ही किसी पिकनिक या किटी पार्टी की तरह मजे से घर का खाना खाता और आपस में बांटता नजर आ रहा है. इस वीडियो के सामने आने के बाद इंटरनेट पर एक नई बहस छिड़ गई है कि क्या फ्लाइट के अंदर ऐसा करना सही है?
इस वायरल वीडियो पर लोगों की क्या राय है?
इस मामले में सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा हुआ है. कुछ लोगों का कहना है कि फ्लाइट में अपना खाना साथ ले जाने पर कोई रोक नहीं है. घर का खाना खाने में बुराई क्या है, यह तो सफर को और सुहाना बना देता है. वहीं, दूसरी तरफ कई लोग इसे गलत मान रहे हैं. उनका तर्क है कि फ्लाइट की जगह पहले से ही बहुत तंग होती है. ऐसे में केबिन के अंदर खाने की महक फैलना और इस तरह का बड़ा आयोजन करना आसपास बैठे दूसरे यात्रियों के लिए परेशानी की वजह बन सकता है.
लोगों की प्रतिक्रिया
एक यूजर ने लिखा, लोग फ्लाइट में सेफ्टी रूल्स को मजाक में लेते हैं, फिर जब टर्बुलेंस आता है तो चोट लग जाती है और जिंदगी भर पछताते हैं. थाईलैंड से आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट में भी यही हुआ था. बस मस्ती में लगे रहो, सेफ्टी गई तेल लेने. दूसरे यूजर ने कमेंट किया, इसीलिए मैं कहता हूं फ्लाइट के टिकट महंगे ही होने चाहिए. तीसरे ने तंज कसते हुए लिखा, चलो शुक्र है…फ्लाइट में गरबा तो नहीं किया.











