ड्यूटी के दौरान मरीजों के सैंपल के बीच महिला टेक्नीशियंस ने बनाई रील, वीडियो वायरल होने पर जांच शुरू

दुर्ग जिला अस्पताल की अटल आरोग्य लैब में ड्यूटी के दौरान कुछ महिला टेक्नीशियंस द्वारा रील बनाए जाने का वीडियो सामने आया है। लैब के अंदर ब्लड सैंपल और जांच से जुड़ी गतिविधियों के बीच बनाए गए इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।
लैब प्रभारी से मांगा गया जवाब
मामला सामने आने के बाद सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने जांच के निर्देश दिए हैं। अटल आरोग्य लैब के प्रभारी जेपी मेश्राम को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। विभाग यह पता कर रहा है कि वीडियो कब और किन परिस्थितियों में बनाया गया था और इससे लैब के कामकाज पर कोई असर पड़ा या नहीं।
मरीजों के सैंपल के बीच बनाई गई रील
वीडियो में लैब के अंदर मरीजों के सैंपल और जांच से संबंधित गतिविधियां दिखाई दे रही हैं। स्वास्थ्य विभाग यह भी जांच कर रहा है कि वीडियो में मरीजों के सैंपल या उनकी जांच से जुड़ी कोई संवेदनशील जानकारी तो सामने नहीं आई।
लैब में होती हैं कई तरह की मुफ्त जांच
अटल आरोग्य लैब जिला अस्पताल की जांच व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यहां इलाज के लिए आने वाले मरीजों के सैंपल लेकर विभिन्न जांच की जाती हैं। अस्पताल प्रबंधन के मुताबिक, लैब में करीब 134 तरह की जांच मुफ्त की जाती हैं। इसका संचालन एचएलएल कंपनी के जरिए किया जा रहा है।
पहले एचआईवी रिपोर्ट को लेकर भी उठा था सवाल
कुछ दिन पहले इसी लैब की जांच रिपोर्ट को लेकर विवाद सामने आया था। जिला अस्पताल में भर्ती 24 वर्षीय युवक की एचआईवी जांच रिपोर्ट पहली बार पॉजिटिव आई थी। युवक ने रिपोर्ट पर सवाल उठाए, जिसके बाद दोबारा जांच कराई गई। दूसरी जांच में रिपोर्ट निगेटिव आई थी।
इसके बाद अस्पताल प्रबंधन ने लैब से मामले की पूरी जानकारी मांगी थी। साथ ही जांच में इस्तेमाल होने वाली मशीनों की जांच और उनका सही तरीके से कैलिब्रेशन कराने के निर्देश दिए गए थे।
लापरवाही मिलने पर कार्रवाई के संकेत
सिविल सर्जन डॉ. आशीषन मिंज ने कहा कि लैब या किसी भी कार्यस्थल पर ड्यूटी के दौरान इस तरह वीडियो बनाना कार्य के प्रति लापरवाही है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।











