रक्षाबंधन की रात दुर्ग में खूनी वारदात, विवाद के बाद युवक की चाकू-पत्थर से हत्या

दुर्ग में रक्षाबंधन की देर रात गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। चंडी मंदिर नयापारा रोड पर तीन दोस्तों का कुछ युवकों से विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के बाद धन्ना सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोस्तों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के पास धारदार हथियार होने के कारण वे पीछे हट गए। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने धन्ना को मृत घोषित कर दिया।

खाना खाने के बाद घर लौट रहे थे तीन दोस्त

जानकारी के मुताबिक रक्षाबंधन की रात धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद घर लौट रहा था। तीनों चंडी मंदिर नयापारा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से उनकी कहासुनी हो गई। गाली-गलौज के बाद विवाद बढ़ गया। धन्ना ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर हमला कर दिया।

चाकू के बाद पत्थर से भी किया हमला

विवाद के दौरान आरोपियों ने धन्ना पर चाकू से हमला किया और बाद में पत्थर से भी वार किए। अचानक हुए हमले से उसके दोनों दोस्त घबरा गए। उन्होंने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में धारदार चाकू देखकर अपनी जान के डर से पीछे हट गए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

ई-रिक्शा से अस्पताल ले गए दोस्त

हमले में गंभीर रूप से घायल धन्ना सड़क पर पड़ा रहा। इसके बाद उसके दोस्तों ने किसी तरह उसे ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और मामले की जांच शुरू की। आसपास के लोगों से घटना की जानकारी जुटाई गई। पुलिस के अनुसार हत्या में शामिल आरोपियों को पकड़ लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की वजह और हत्या के पीछे की पूरी घटनाक्रम का पता लगाने में जुटी है।

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close