ये इंटरनेशनल टीम नहीं… इंग्लैंड में पाकिस्तान की भारी बेइज्जती, माइकल वॉन ने काउंटी टीम से की तुलना

लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तानी बल्लेबाजी की शर्मनाक नाकामी पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल वॉन ने तीखा हमला बोला है. पहली पारी में 290 रनों के जवाब में बल्लेबाजी के लिए उतरी बाबर आजम की अगुवाई वाली पाकिस्तानी टीम सिर्फ 110 रनों पर ढेर हो गई. इस खराब प्रदर्शन पर बीबीसी के टीएमएस पॉडकास्ट में बोलते हुए वॉन ने पाकिस्तानी बल्लेबाजी के लेवल को काउंटी क्रिकेट की सेकंड डिविजन टीम जैसा बता दिया.

इंग्लैंड में पाकिस्तान की भारी बेइज्जती

पाकिस्तान की पहली पारी में ओपनर अजान अवैस ने 102 गेंदों में सबसे ज्यादा 46 रन बनाकर कुछ देर संघर्ष किया, वहीं सऊद शकील 16 रन ही जोड़ सके. इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका. 30 ओवर तक पाकिस्तान का स्कोर 5 विकेट के नुकसान पर 91 रन था, लेकिन अगले 8 ओवरों के अंदर पूरी टीम 110 रनों पर सिमट गई. इस दौरान इंग्लैंड के लिए तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके, वहीं जोफ्रा आर्चर ने 3 और जोश टंग ने 2 विकेट चटकाए.

ऐसे में माइकल वॉन ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की तकनीक और जज्बे पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘अगर मैं पूरी तरह सच कहूं, तो इंग्लैंड के गेंदबाजों को किसी चुनौती का सामना ही नहीं करना पड़ा. ये सबसे कमजोर और आसान बैटिंग लाइन-अप है, जिसके सामने किसी गेंदबाज को उतरना पड़ा हो. गेंदबाज लाइन लगाकर बॉलिंग करने के लिए उत्सुक थे, क्योंकि उन्हें पता था कि यहां सिर्फ विकेट ही मिलने हैं. कोई भी बल्लेबाज ऐसा नहीं था जो गेंदबाजों के आंकड़ों को खराब कर सके या उन्हें दबाव में ला सके. “क्या हम काउंटी के सेकंड डिविजन क्रिकेट की बात कर रहे हैं? यह किसी भी हाल में टेस्ट मैच के लेवल की बल्लेबाजी नहीं दिखती.’

इंग्लैंड ने मैच पर बनाई पकड़

पहली पारी के आधार पर बड़ी बढ़त हासिल करने के बाद इंग्लैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक अपनी दूसरी पारी में 3 विकेट पर 81 रन बना लिए थे और कुल बढ़त को 261 रनों तक पहुंचा दिया. क्रीज पर एमिलियो गे और हैरी ब्रूक नाबाद टिके हुए हैं. ऐसे में इंग्लैंड की नजर एक बड़ा टारगेट बोर्ड पर लगाने पर है. चौंकाने वाली बात ये भी है कि पाकिस्तान इस दौरे पर अभी तक 3 पारियां खेल चुका है, लेकिन वो एक बार भी 200 रन का आंकड़ा नहीं छू सका है. ऐसे में लॉर्ड्स टेस्ट भी उनके हाथ से जाता दिख रहा है.

jagjaahir desk

पिछले 7 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहा हूं। मुझे डिजिटल से लेकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का अनुभव है।
close